उम्रकैद की सजा काट रहा कैदी कांच के ब्लेड हैं खाता

Update: 2023-10-03 04:55 GMT

अजमेर: कुकर्म के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे एक कैदी ने कांच के टुकड़े खा लिए। उसे पेट दर्द की शिकायत हुई तो जेएलएन हॉस्पिटल ले जाया गया। इसके बाद जब एक्स-रे कराया गया तो सभी चौंक गए। उसके पेट में कांच के टुकड़े, ब्लेड और कंकड़ नजर आए। मामला अजमेर की सेंट्रल जेल का है। डॉक्टर ने ऑपरेशन कर उसके पेट से कांच और ब्लेड के टुकड़े निकाल लिए हैं।

जेल अधीक्षक सुमन मालीवाल ने बताया कि 30 सितम्बर को उम्रकैद की सजा काट रहे रूपनगढ़ निवासी परमेश्वर (27) ने पेट दर्द की शिकायत की थी। उसे अस्पताल ले गए तो एक्स रे कराने के दौरान पेट में कांच के टुकड़े, ब्लेड और कंकड़ होने की जानकारी सामने आई। रविवार 1 अक्टूबर शाम को उसका ऑपरेशन किया गया। इसके बाद उसे कैदी वार्ड में भर्ती किया गया है।

पहले भी खा चुका ब्लेड और कांच

जेल अधीक्षक मालीवाल के अनुसार, कैदी परमेश्वर पहले भी ब्लेड, कंकड़ और कांच के टुकड़े खा चुका है। जेल अधीक्षक ने बताया कि अक्टूबर 2022 में जयपुर एसएमएस, फरवरी 2023 में भी जयपुर एसएमएस और जुलाई 2023 में जेएलएन में इसका ऑपरेशन करवाया गया था। यह जेल प्रहरियों की नजरें बचाकर चुपचाप ब्लेड या कांच के टुकड़े खा लेता है। कुछ दिनों बाद पेट दर्द होने की शिकायत करता है। कभी यह जेल के अंदर ऐसी चीजें खा लेता है तो अस्पताल ले जाने पर कांच के टुकड़े या अन्य चीजें खा लेता है। कभी-कभी यह पेट पर लगे टांके भी खोल लेता है।

Tags:    

Similar News