Pratapgarh प्रतापगढ़ । भगवान बिरसा मुण्डा की 150वीं जयंती के अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री के आह्वान पर देश भर में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के अन्तर्गत 15 नवम्बर से 26 नवम्बर तक जनजातीय गौरव पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस पखवाड़े का आयोजन राजस्थान के चयनित 34 जिलो में, जहां पर चुनाव आचार संहिता लागू नही है, वहां पर किया जा रहा है।
प्रतापगढ़ जिले में इस पखवाड़े के आयोजन का शुभारंभ 15 नवम्बर, शुक्रवार को जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर आकर्षक समारोह मनाते हुए राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ऑडिटोरियम परिसर में किया गया। यह समारोह माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन विभाग झाबर सिंह खर्रा मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। समारोह में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों द्वारा जनजातीय वेशभुषा में लोक गीत व नृत्य की प्रस्तुती दी गई, साथ ही जनजातीय विभाग के छात्रावासों में रह रहे विद्यार्थियों द्वारा जनजातिय संस्कृति पर भाषण, कविता पाठ और नृत्य प्रस्तुत किया गया। इन मन मोहक प्रस्तुतियों ने माननीय मंत्री व सभी उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन विभाग झाबर सिंह खर्रा ने उपस्थित जन को उद्बोधित करते हुए कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल जनजाति समाज का ना होकर अपितू पूरे देश के लिए एक गौरव का दिवस है। उन्होंने देश के स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समुदाय के अनेको वीरों एवं क्रांतिकारीयों के बलिदान और योगदान के बारे में बताया, उन्होंने कहा कि अंग्रेजी हुकुमत से लड़ने में इन सभी क्रांतिकारियों का उत्कृष्ठ योगदान रहा है और इन वीरों के बलिदान के प्रति देश हमेशा ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जनजातीय आबादी के उत्थान के बिना देश का विकास होना संभव नहीं है, जिसके लिए वर्तमान सरकार पूरजोर प्रयास कर रही है। इसके साथ ही माननीय मंत्री ने सभी को धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कृर्ष अभियान तथा जनजातीय गौरव दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। माननीय मंत्री के उद्बोधन के बाद समारोह को वीसी के माध्यम से बिहार में हो रहे माननीय प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से जोड़ा गया।
स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हुए इस समारोह में जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई जिसमें प्रतापगढ़ के गांवों की तथा जनजातीय महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को दर्शाया गया। साथ ही आदिवासी व जनजातीय समुदाय द्वारा प्रयोग किये जा रहे अस्त्र-शस्त्र, खाना बनाने के उपकरण व अन्य घरेलू समान को भी दर्शाया गया। इस प्रदर्शनी का अवलोकन माननीय मंत्री, जिला कलक्टर व सभी उपस्थित जन द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में जिला कलक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया ने जिले के जनजातीय और आदिवासी समुदाय को जनजाति गौरव दिवस की बधाई दी, साथ ही उन्होंने कहा कि धरती आबा अभियान के पखवाड़े के अन्तर्गत होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को प्रशासन द्वारा पूरे जिले में उत्साहपूर्वक मनाया जायेगा।
इस समारोह में नगर परिषद की सभापति रामकन्या गूर्जर, जिला पुलिस अधीक्षक, जिला उपवन संरक्षक, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद आयुक्त, जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के अधिकारी, सभी जिलाधिकारी, जनप्रतिनिधि, जनजातीय क्षेत्रीय विकास विभाग की उद्यमी महिलाएं, बड़ी संख्या में नगर व ग्रामवासी, विद्यालय व जनजातीय छात्रावासों के विद्यार्थी उपस्थित रहे। मंच का संचालन सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक डॉ. टी.आर. आमेटा ने किया।
----
विद्युत आपूर्ति रहेगी बाधित
प्रतापगढ़, 15 नवम्बर। 220 केवी जीएसएस प्रतापगढ़ पर 33 केवी इनकमर नम्बर 2 का अतिआवश्यक रखरखव 16 नवम्बर, शनिवार को प्रस्तावित है, जिससे 33 केवी रठांजना, देवगढ़, लाम्बाडाबरा की विद्युत आपूर्ति दिनांक 16 नवम्बर को प्रातः 10 बजे से एक बजे तक बंद रहना प्रस्तावित है। यह जानकारी विभाग के एक्सईएन ने दी।