Pratapgarh: जिला प्रभारी सचिव मीना ने ली जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक
Pratapgarh प्रतापगढ़ । जिला प्रभारी सचिव एवं राजस्थान वित्त निगम के प्रबंध निदेशक हरिमोहन मीना की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई गई। बैठक में जिला कलक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया भी उपस्थित रहे। बैठक में बजट घोषणाओं 2025–26 एवं गत वर्ष की बजट घोषणाओं, फ्लैगशिप योजनाओं और विभिन्न विकास कार्यों के बारे में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक में जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना, आंगनबाड़ी केंद्रों पर आहार, ग्रीष्म आकस्मिक कार्य, सामजिक सुरक्षा पेंशन योजना, जल वितरण व्यवस्था, विकास कार्य सहित अन्य विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा की गर्मी और लू को देखते हुए अपने अपने कार्यालयों में बैठने, पानी और बिजली सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें ताकि कार्यालय में आने वाले आगंतुकों को कोई परेशानी न हो। उन्होंने ग्रीष्म कालीन आकस्मिक कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने वर्तमान में टैंकर द्वारा जल वितरण की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि यह और आने वाला समय पेयजल की दृष्टि से संवेदनशील है, आमजन को जल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करें और इस कार्य को संवेदनशीलता और प्राथमिकता से लें।
उन्होंने कहा की जनसुनवाई के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारीयों को निर्देशित करते हुए कहा की आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। हरियालो राजस्थान और एक पेड़ मां के नाम अभियान के बारे में चर्चा कर सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए
फ्लैगशिप योजनाओं के बारे में की चर्चा
जिला प्रभारी सचिव श्री मीना ने फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा की सभी विभाग बजट घोषणाओं एवं फ्लैगशिप योजनाओं पर गंभीरता से अमल करें, जिला एवं राज्य स्तर पर इसे गंभीरता से लिया जा रहा है और इनकी नियमित मोनिटरिंग की जायेगी। । उन्होंने कहा की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचे, इसके लिए समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी अधिकारीयों आपसी समन्वय को मजबूत कर योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा की अधिकारी फील्ड में जाकर निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग करें और आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कार्रवाई करें।
बजट घोषणाओं की समयबद्ध रूप से नियमानुसार शीघ्र क्रियान्विति की जाए: श्री मीना
बैठक में जिला प्रभारी सचिव ने जिले से संबंधित बजट घोषणाओं फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन, हवाई पट्टी मरम्मत एवं रख रखाव कार्य, धरियावद में खेल स्टेडियम, प्रतापगढ़ में मैकेनिकल, इलेक्ट्रिक व्हीकल के नवीन ट्रेड प्रारम्भ करने, सड़क कार्य, एनिकट निर्माण कार्य आदि के बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा कि बजट घोषणाओं की क्रियान्विती समयबद्ध रूप से नियमानुसार की जाए। उन्होंने कहा की नियमित रूप से हर स्तर पर चाहे वह अन्य विभाग से हो या राज्य स्तर से, कोआर्डिनेशन बनाए रखें और अपडेट रहे।
सभी अधिकारी आमजन के हितार्थ कार्य करें: जिला कलक्टर डॉ. राजोरिया
जिला कलक्टर डॉ. राजोरिया ने पीपीटी के माध्यम से जिले की बजट घोषणाओं, विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं के तहत प्रगति के बारे में जिला प्रभारी सचिव को अवगत कराया। जिला कलक्टर ने कहा की सभी बजट घोषणाओं की समयबद्ध रूप से क्रियान्विति के हर संभव प्रयास किये जा रहे है, जिला स्तर पर नियमित मोनिटरिंग की जा रही है और इसके साथ ही समस्त जिला स्तरीय अधिकारीयों को अपने अधीनस्थ अधिकारीयों की बैठक लेकर और निरिक्षण के माध्यम से निर्देशों की पालना सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए गए हैं। जिला कलक्टर ने सभी अधिकारीयों को आमजन के हितार्थ कार्य करने और योजनाओं में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा की गर्मी के मद्देनज़र सभी आवश्यक व्यवस्थाएं हर अधिकारी सुनिश्चित करें। जिला कलक्टर ने जिला प्रभारी सचिव को आश्वासन दिया की सभी निर्देशों की पालना सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर उप वन संरक्षक हरिकिशन सारस्वत, अतिरिक्त जिला कलक्टर विजयेश कुमार पंड्या, सीएमएचओ डॉ. जीवराज मीणा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक डॉ. टी आर अमेटा, महिला अधिकारिता विभाग की सहायक निदेशक नेहा माथुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।