Pratapgarh: जिला कलेक्टर ने समीक्षा की, शिविरों में उपलब्ध कराई गई सेवाओं की पुष्टि
Pratapgarh प्रतापगढ़ । सेवा पर्व पखवाड़े के तहत जिलेभर में ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ, भूमि एवं स्वामित्व पट्टों का वितरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वास्थ्य सेवाएँ तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं से संबंधित सुविधाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी क्रम में जिला कलक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया ने सुहागपुरा उपखंड के वीरपुर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर एवं नगर परिषद प्रतापगढ़ में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया।
वीरपुर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
जिला कलक्टर ने शिविर में चल रही गतिविधियों की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि नामांतरण, आपसी सहमति से विभाजन, रास्ते खोलने संबंधी प्रकरणों का त्वरित नियमानुसार निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्वामित्व योजना, बीपीएल सर्वे, किसान ऐप द्वारा गिरदावरी, सामाजिक सुरक्षा पेंशन आवेदन, स्वास्थ्य शिविर तथा पशु टीकाकरण जैसी गतिविधियों का भी जायजा लिया। ग्रामीणों से संवाद करते हुए उन्होंने उनकी समस्याएँ सुनीं और संबंधित विभागों को शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। इस दौरान उपखंड अधिकारी सुहागपुरा काजल मीणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
नगर परिषद में आयोजित शिविर का भी किया निरीक्षण
नगर परिषद प्रतापगढ़ में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण करते हुए जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पट्टों के लंबित प्रकरण, फायर एनओसी, जन्म-मृत्यु व विवाह पंजीकरण, भवन निर्माण स्वीकृति, स्वच्छ भारत मिशन 2.0 एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से जुड़े कार्य प्राथमिकता से पूरे किए जाएँ। उन्होंने शिविर स्थल पर हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया और कहा आमजन को आवेदन भरने में सहयोग उपलब्ध हो। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्ट्रीट लाइट मरम्मत, सड़क सुधार, नालों की सफाई जैसे मूलभूत शहरी कार्यों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने आमजन से संवाद कर व्यवस्थाओं पर फीडबैक लिया।