Pratapgarh प्रतापगढ़ । जिला कलक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया ने शुक्रवार को करमदिया नर्सरी का निरीक्षण कर आगामी मानसून सत्र में होने वाले पौधारोपण की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उप वन संरक्षक हरिकिशन सारस्वत सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक पौधरोपण हेतु आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाए। सभी पौधे मानकों के अनुरूप हो, जिससे उनका सर्वाइवल सुनिश्चित हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि पौधों की तैयारी के साथ-साथ उनके संरक्षण और बाद की देखभाल भी सुनिश्चित करें।
आईटीआई का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
उन्होंने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) का निरीक्षण भी किया। उन्होंने संस्थान में संचालित विभिन्न व्यवसायों जैसे इलेक्ट्रीशियन, इलेक्ट्रॉनिक, फिटर, वायरमैन, डीजल मैकेनिक, स्टेनो, कोपा, सिलाई, वेल्डर, प्लम्बर और मोटर मैकेनिक आदि की कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षणर्थियों से संवाद कर उनकी सैद्धांतिक और प्रायोगिक कक्षाओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से चल रहे ग्रुप प्रोजेक्ट्स के बारे में भी जानकारी प्राप्त की और उन्हें बेहतर क्रियान्वयन के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा आज के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि कौशल प्रशिक्षण से प्रशिक्षु नए अवसरों की ओर अग्रसर हो सकते हैं। उन्होंने संस्थान के शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देने तथा छात्रों को उद्यमिता की ओर प्रेरित करने पर बल दिया। इस दौरान आईटीआई का स्टाफ उपस्थित रहा।