Pratapgarh प्रतापगढ़। जिला कलक्टर डॉ. अंजली राजोरिया के निर्देशन में पं. दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाडे़ के तहत जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतो में शिविरो का आयोजन किया जा रहा है। पखवाड़े के तहत 28 जून, शनिवार को पंचायत समिति धमोत्तर की ग्राम पंचायत खूंटगढ़, मगरी, पंचायत समिति सुहागपुरा की ग्राम पंचायत दतियार, प्रतापगढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत गादोला, गंधेर व खेरोट में शिविर आयोजित होंगे।
इसी तरह से 29 जून को धमोत्तर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत रठांजना, बरखेड़ा व सुहागपुरा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत पटेलिया में, 30 जून को धरियावद पंचायत समिति की ग्राम पंचायत परवारिया साग, केसरियावाद, दांतलिया, बिलड़िया, पंचायत समिति धमोत्तर की ग्राम पंचायत मधूरातालाब, सरीपीपली, पंचायत समिति सुहागपुरा की ग्राम पंचायत मोटामायंगा, पंचायत समिति प्रतापगढ़ की ग्राम पंचायत डाबड़ा, झांसड़ी, घोटारसी, पंचायत समिति दलोट की ग्राम पंचायत चकुण्डा, जीरावता, पंचायत समिति अरनोद की ग्राम पंचायत हिंगलाट, मोवाई, पंचायत समिति छोटीसादड़ी की ग्राम पंचायत भाटखेड़ी, पीलीखेड़ा, हरिपूरा में शिविर आयोजित होंगे।
प्रतापगढ़ जिले से कमिश्नर एंडवास कोर्स में सहभागिता
प्रतापगढ़, 27 जून। राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड राष्ट्रीय मुख्यालय नई दिल्ली के तत्वाधान में कमिश्नर एंडवास कोर्स 23 जून से 27 जून 2025 तक नेशनल ट्रेनिंग सेन्टर पचमढ़ी मध्यप्रदेश में आयोजित किया गया। जिसमें नेशनल ट्रेनिंग सेन्टर की विजिट एवं ट्रेकिंग करवायी गई। कमिश्नर एंडवास कोर्स में राजस्थान से कुल 47 संभागी सम्मिलित हुए।
सी.ओ. गाइड प्रतापगढ रेखा शर्मा ने बताया कि इस शिविर में प्रतापगढ़ जिले के डाइट प्रिसिपल कमलेश कुमार एवं प्रतापगढ़ ब्लॉक के ए.सी.बी.ई.ओ. ज्योति बाला सोमानी ने सहभागिता की। पांच दिवसीय कमिशनर्स एडवांस कोर्स में कमिशनर्स को स्काउट गाइड में नए शामिल किए गए विषयों, प्रशिक्षणों के बारे में जानकारी दी गयी। जिलों व राज्यों में स्काउट गाइड को बढ़ावा देने के लिए किये जा सकने वाले प्रयासों के बारे में बताया गया।
कैम्प फायर के दौरान विभिन्न राज्यों के प्रतिभागियों ने अपनी अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर पचमढ़ी को मिनी इंडिया का रूप दे दिया। रोज सुबह 5 बजे जगना, चाय लेकर बीपी सिक्स व्ययाम अलग अलग स्थानों पर करवाते है, एक दिन पचमढ़ी के ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों का भ्रमण करवाया गया। क्लोजिंग सेरेमनी में सभी को एडवांस कोर्स का प्रमाणपत्र व बेज देकर सम्मानित किया गया।
.........
प्रतापगढ़ जिले के स्काउट-गाइडर ग्रुप वार्षिक शिविर में प्रेरणादायी सत्रों का आयोजन
प्रतापगढ़, 27 जून। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड राज्य मुख्यालय, जयपुर के वार्षिक कार्यक्रम अनुसार दिनांक 25 जून से 1 जुलाई 2025 तक ग्रुप वार्षिक शिविर का आयोजन किया जा रहा है। सीओ गाइड रेखा शर्मा ने बताया कि इस शिविर में प्रतापगढ़ जिले से 38 गाइडर एवं 8 रेंजर भाग ले रही हैं।
शिविर के तृतीय दिवस के अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक डॉ. टी.आर. आमेटा एवं सहायक जनसंपर्क अधिकारी नवधा परदेशी ने संभागीय प्रतिभागियों को मार्गदर्शन प्रदान किया।
डॉ. आमेटा ने संतुलित जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी और कहा कि जीवन में सरलता, कौशल विकास और निरंतर सीखने की भावना से ही आगे बढ़ा जा सकता है। उन्होंने प्रतिभागियों को अपने आत्मविश्वास को बढ़ाने और किसी भी कार्य को करने में झिझक न रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा को इन सत्रों से आप अधिकतम सीखने का प्रयास करें।
एपीआरओ ने सोशल मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया कि युवाओं को भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहना चाहिए और प्रमाणित स्रोतों से जानकारी लेना चाहिए। उन्होंने डिजिटल युग में सूझबूझ और विवेक के साथ सोशल मीडिया के प्रयोग पर जोर दिया।
सीओ गाइड रेखा शर्मा ने बताया कि शिविर में प्रतिदिन विभिन्न सत्रों के माध्यम से नेतृत्व, अनुशासन, सेवा भावना और सामाजिक जागरूकता जैसे मूल्यों को आत्मसात कराया जा रहा है।
शिविर में स्काउट-गाइड प्रशिक्षक नवदीप राव, रेंजर लीडर पूर्णिमा राजपूत, स्काउटर अधिराज सिंह देवल, भीमराज मीणा, मनीष कुमार पाटीदार व कैलाश मालवीय प्रशिक्षण दे रहे हैं। इसके अतिरिक्त रोवर लोकेश खटीक, गौरव रैदास, अकींत मेघवाल, भूपेन्द्र सिंह, आयुष सुथार तथा रेंजर आंचल व भुवनेश्वरी राठौर सक्रिय रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
-------------
125 बच्चों को निशुल्क स्वर्ण प्राशन संस्कार दवा पिलाई
प्रतापगढ़, 27 जून। पुष्य नक्षत्र पर राजकीय जिला आयुर्वेद चिकित्सालय प्रतापगढ़ स्थित आंचल प्रसूता केंद्र पर एक दिवसीय शुक्रवार को निशुल्क स्वर्ण प्राशन संस्कार शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 125 बच्चों को निशुल्क स्वर्ण प्राशन संस्कार दवा पिलाई गई। शिविर का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि की पूजा अर्चना कर किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्साधिकारी मुकेश कुमार शर्मा, चिकित्साधिकारी मुकेश कुमारी गूर्जर, नर्स कला मीणा प्रभारी आंचल प्रसूता केंद्र, नर्सिंग स्टाफ सोमेश्वर निनामा, प्रतिभा जोशी, परिचारक अरुण कुमार व्यास इत्यादि चिकित्सालय स्टाफ मौजूद रहा। स्वर्ण प्राशन में ब्राह्मी, मधु, घृत सहित कई स्वास्थ्यवर्धक औषधि शामिल है। जो बच्चों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है यह शिशुओं में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाती है और उनका हर मौसम में स्वास्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण होता है। आगामी स्वर्ण प्राशन संस्कार शिविर 25 जुलाई 2025 को आयोजित किया जाएगा। आयुर्वेद विभाग ने अधिक से अधिक बच्चों को इसका लाभ दिलाने हेतु सभी अभीभावको से अपील की है।
.........
राज्य सरकार के हरियालो राजस्थान अभियान के तहत
प्रतापगढ़ आयुर्वेद विभाग द्वारा किया गया पौधारोपणः पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
प्रतापगढ़, 27 जून। प्रतापगढ़ आयुर्वेद विभाग द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को किया गया। यह कार्यक्रम उपनिदेशक डॉ. सुरेंद्र कुमार शर्मा, सहायक निदेशक डॉ. दिलीप सिंह चन्द्रावत और डॉ. मुकेश शर्मा, विक्रम सिंह तथा मनोहर सिंह के सानिध्य में संपन्न हुआ, जिसमें विभाग के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और आयुर्वेद में पौधों के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना था। इस अवसर पर विभिन्न प्रकार के औषधीय पौधों का रोपण किया गया, जो न केवल पर्यावरण को हरा-भरा बनाएंगे बल्कि भविष्य में आयुर्वेद चिकित्सा के लिए भी उपयोगी सिद्ध होंगे।
उपनिदेशक ने इस अवसर पर कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं और आयुर्वेद में इनका विशेष महत्व है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने का आग्रह किया। सहायक निदेशक ने भी अपने संबोधन में पौधारोपण के पर्यावरणीय और स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डाला।
डॉ. मुकेश शर्मा ने बताया कि आयुर्वेद प्रकृति के करीब रहकर स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम हमें प्रकृति से जुड़ने और उसके प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने में मदद करते हैं।
इस पौधारोपण कार्यक्रम ने न केवल प्रतापगढ़ में हरियाली बढ़ाने में योगदान दिया, बल्कि इसने समुदाय को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का भी महत्वपूर्ण संदेश दिया।