जयपुर: जयपुर ग्रामीण जिले के सांभर लेक थाना इलाके में शुक्रवार सुबह पानी की टंकी पर चढ़े एक व्यक्ति को उतारने पहुंची पुलिस टीम पर अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। मधुमक्खियों के डंक से टंकी पर चढ़े व्यक्ति सहित पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए सांभर लेक उप जिला अस्पताल ले जाया गया।

थानाधिकारी राजेश वर्मा ने बताया कि सिंधी मोहल्ले में एक व्यक्ति पानी की टंकी पर चढ़ गया था। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पूछताछ में सामने आया कि व्यक्ति मानसिक रूप से विमंदित है। पुलिस ने उसे समझाकर नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद एएसआई सत्यनारायण कुमावत, कांस्टेबल गजानंद, सुरेंद्र, भंवर सहित पांच पुलिसकर्मी टंकी पर चढ़े और उसे नीचे उतारने लगे।

पुलिसकर्मी व्यक्ति को लेकर नीचे उतर ही रहे थे कि अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। मधुमक्खियों ने सभी के शरीर पर कई जगह डंक मार दिए। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सभी तेजी से टंकी से नीचे उतरे। नीचे आते ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।

उप जिला अस्पताल प्रभारी डॉ. महेश वर्मा ने बताया कि छह लोगों को अस्पताल लाया गया था। मधुमक्खियों के डंक से सभी के शरीर पर सूजन आ गई थी। उन्हें चक्कर और घबराहट की शिकायत भी थी। चिकित्सकों ने शरीर में चुभे डंक निकालकर तत्काल उपचार दिया। घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम ऋषिराज कपिल और वृत्ताधिकारी मुकेश मिश्रा भी अस्पताल पहुंचे और पुलिसकर्मियों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी।

Tags: