Rajasthan राजस्थान : आनंदपुरी थाना पुलिस ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भर्ती के दौरान आंध्र प्रदेश से फर्जी डिग्री लाकर स्वयं का चयन कराने के एक प्रकरण में चयनित महिला को गिरफ्तार किया है।
आरोपी महिला ने आंध्रप्रदेश की एक संस्था से डिग्री लाकर चयन प्रक्रिया के दौरान पेश की थी। आनंदपुरी थाना अधिकारी कपिल पाटीदार ने बताया कि सीता पत्नि कांतिलाल सिंघाड़ा निवासी नाना भुखिया ने एक इस्तगासा न्यायालय आनन्दपुरी में पेश किया था। इसमें बताया था कि ग्राम नाना भुखिया स्थित आंगनवाड़ी केन्द्र में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का पद रिक्त होने से भर्ती निकली थी। यह भर्ती बाल विकास परियोजना कार्यालय आनन्दपुरी द्वारा आयोजित की गई थी।
भर्ती में सीता के साथ ही अंजना पत्नि शांतिलाल सिंघाड़ा एवं अन्य ने आवेदन किया था। पद पर अंजना का चयन हुआ था। अंजना ने आंधप्रदेश राज्य से जारी ए.एन.एम. की फर्जी डिग्री का प्रयोग कर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के पद पर नियुक्ति प्राप्त की थी। इस इस्तगासे पर पुलिस थाना आनन्दपुरी ने प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया।