लालगढ़ रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का काम डेढ़ साल से बंद

सरकारें बदल रही हैं लेकिन काम में तेजी नहीं आ रही है

Update: 2024-03-07 07:55 GMT

बीकानेर: लालगढ़ रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का काम डेढ़ साल से बंद है। वो भी तब जब ब्रिज का काम डेडलाइन से तीन साल पीछे चल रहा है। अभी भी काम एक साल में पूरा हो जाएगा इसकी कोई उम्मीद नहीं। यह मार्ग शुरू हो जाय तो रोज करीब 50 हजार लोगों को राहत मिलेगी, अधूरा होने से 5 साल से लोगों की परेशानी का सबब बना हुआ है। 83 करोड़ से बनने वाले इस 830 मीटर लंबे ब्रिज में 530 मीटर काम हो चुका है। मात्र 300 मीटर काम कराया जाना बाकी है।

2017 के आसपास ओवरब्रिज का काम शुरू हुआ था। तब कई साल रास्ता बंद रहा। अब हल्के वाहनों के लिए रास्ता खुला है। इस रास्ते से पूगल और खाजूवाला से आने वाले वाहन मंडी तक आते हैं। जोधुपर-जयपुर बाईपास और श्रीगंगानगर रोड की तरफ वाहनों को जाने में आसानी होती है। रामपुरा, मुक्ताप्रसाद की आेर जाने का आसान रास्ता था। इसी को देखते हुए 83 करोड़ रुपए की लागत से ओवरब्रिज बनाने की योजना बनाई गई थी। दिसंबर 2020 तक इसे पूरा करना था। 2024 के भी दो महीने बीत गए हैं।

एक निजी संपत्ति के विवाद का निस्तारण ना होने से पूरा काम रुका है। ब्रिज न बनने से पूरी सड़क जर्जर हो चुकी है। लालगढ़ रामपुरा वालों के लिए रास्ता ही अब गजनेर रोड होकर आने जाने के लिए बचा है। नई कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने दिन भर बैठक करने के बाद तय कर दिया कि नगर विकास न्यास ही निजी संपत्ति का आंकलन कर मुआवजा राशि तय करे और आरएसआरडीसी को दे। आरएसआरडीसी उसका भुगतान कर आगे काम शुरू कराए।

Tags:    

Similar News