कोटा। कोटा के किशोरपुरा इलाके में एक सिक्योरिटी गार्ड को डीजल चोरी की शिकायत करना महंगा पड़ गया। उसके साथ दो-तीन लोगों ने मिलकर मारपीट कर दी। घायल को एमबीएस अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना किशोरपुरा साजिद देहडा ट्रीटमेंट प्लांट में देर रात को हुई। जहां दो तीन ड्राइवरों ने मिलकर 70 साल के सिक्योरिटी गार्ड की सरिए-लाठियों से जमकर पीटा। पुलिस के अनुसार मूल रूप से भरतपुर का रहने वाला मेघ श्याम (65) किशोरपुरा साजीदेहडा में रहता है और वहीं सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में चौकीदारी का काम करता है। मेघश्याम के अनुसार वहां आने वाली गाड़ियों से डीजल चोरी की घटनाएं हो रही थी, जिसे यहां गाड़ियां चलाने वाले ड्राइवर अंजाम दे रहे थे। इस बात की शिकायत उसने अधिकारियों से की थी। इस बात को लेकर कुछ ड्राईवर उससे रंजिश रखे हुए थे।
शुक्रवार रात को वह ड्यूटी पर था, इसी दौरान ड्राइवर खेतु, विक्रम सिंह और उनके साथी वहां आए और आते ही गाली-गलौज करने लगे। मेघश्याम ने विरोध जताया, इस पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। लाठियों और सरियों से उस पर हमला किया जिससे उसके सिर, हाथ पैर में चोट आई। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Tags: