भाजपा कितना भी झूठ बोल ले, प्रदेश की जनता सच के साथ: अशोक गहलोत

Update: 2022-12-09 13:03 GMT

जयपुर न्यूज़: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सरदारशहर उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अनिल शर्मा को जीत की बधाई एवं सभी मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि यह जीत कांग्रेस सरकार के पारदर्शी, संवेदनशील, जवाबदेह सुशासन एवं शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा की जनकल्याणकारी योजनाओं पर जनता की मुहर है। वहीं हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की विजय पर नेता एवं कार्यकर्ताओं को बधाई एवं हिमाचल की जनता का धन्यवाद। गुजरात में आए जनादेश को विनम्रता से स्वीकार करते हैं। हमारी नीतियों, कार्यक्रमों और सिद्धांतों की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।

गहलोत ने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि जनता का स्पष्ट संदेश है कि 2023 में राजस्थान में कांग्रेस पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। राजस्थान में विगत चार सालों में हुए 9 उप चुनावों में कांग्रेस ने सात सीटों पर जीत दर्ज की है। बीजेपी महज एक सीट जीत सकी है। इनमें भी भाजपा एक सीट पर जमानत जब्त एवं एक सीट पर तीसरे नंबर पर पहुंचं गई। यह दिखाता है कि राजस्थान की जनता ने भाजपा को पूरी तरह से नकार दिया है। भाजपा कितना भी झूठ बोल ले, पर राजस्थान की जनता सच के साथ है एवं 2023 में रिवाज बदलकर फिर से कांग्रेस को जिताएगी।

Tags:    

Similar News