उदयपुर। उदयपुर और सूरत के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को जल्द ही तेज और सुविधाजनक रेल सेवा का लाभ मिलने वाला है। रेलवे 2 अक्टूबर को सूरत-उदयपुर सिटी-सूरत वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ उद्घाटन स्पेशल ट्रेन के रूप में करने जा रहा है। उद्घाटन स्पेशल ट्रेन सूरत से सुबह 10 बजे रवाना होगी और शाम 5.40 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी। इसके बाद 3 अक्टूबर से इस ट्रेन का नियमित संचालन शुरू हो जाएगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 09103 सूरत-उदयपुर सिटी
उद्घाटन
स्पेशल 2 अक्टूबर को चलाई जाएगी। यह ट्रेन सूरत से सुबह 10 बजे प्रस्थान कर तय समय के अनुसार शाम 5.40 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी। उद्घाटन स्पेशल में वंदे भारत के 8 डिब्बों का रैक लगाया जाएगा। रेलवे के अनुसार उद्घाटन के बाद इसी मार्ग पर नियमित वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा शुरू की जाएगी।
3 अक्टूबर से शुरू होगा नियमित संचालन
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक गाड़ी संख्या 26904 उदयपुर सिटी-सूरत वंदे भारत एक्सप्रेस 3 अक्टूबर से नियमित रूप से चलेगी। यह ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन उदयपुर सिटी से दोपहर 3.35 बजे रवाना होगी और रात 11 बजे सूरत पहुंचेगी। इस तरह उदयपुर से सूरत के बीच सफर लगभग साढ़े सात घंटे में पूरा हो सकेगा।
वहीं वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 26903 सूरत-उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस 4 अक्टूबर से शुरू होगी। यह ट्रेन सूरत से सुबह 6.10 बजे रवाना होकर दोपहर 1.40 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी। इससे सूरत से उदयपुर आने वाले यात्रियों को सुबह के समय तेज और आरामदायक रेल सेवा का विकल्प मिल जाएगा।
रेलवे की इस नई सुविधा से उदयपुर और गुजरात के प्रमुख शहरों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी। खासतौर पर व्यापार, पर्यटन और रोजमर्रा की यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है।
Tags: