उदयपुर। उदयपुर इस एक फोन कॉल के आते ही पुलिस कंट्रोल रूम में तहलका मच गया। एक बिजनेसमैन की पत्नि ने अपने 14 साल के बेटे को मारने के बाद पुलिस को कॉल किया और अपने घर का एड्रेस भी बताया। इसके बाद कंट्रोल रूम ने तुरंत संबंधित थाने को सूचित किया। पुलिस ने हत्या की आरोपी मां को डिटेन कर लिया और पूछताछ की जा रही है। यह सनसनीखेज मामला उदयपुर का है। अंबामाता थाना क्षेत्र के सहेली नगर इलाके में रहने वाली मनीषा (37) ने अपने 14 साल के मासूम बेटे पुरंजय पारीख की हत्या कर दी। रविवार सुबह करीब 6.30 बजे कपड़े सुखाने वाली रस्सी से उसका गला घोंट दिया। बेटे को मारने के बाद मां ने खुद सुसाइड करने का प्रयास किया। इसलिए उसने कमरे का गेट नहीं खोला। ऐसे में पुलिस सीढ़ियां लगाकर कमरे तक पहुंची।
अंबामाता थानाधिकारी हनुवंत सिंह राजपुरोहित ने बताया- घटना सुबह 6.30 बजे के करीब की है। पुरंजय सो रहा था। मनीषा ने सिरहाने से आकर पुरंजय के गले में कपड़ा सुखाने वाली रस्सी डाल दी। बेटे ने 3 से 4 मिनट तक संघर्ष किया और फिर उसकी जान निकल गई। इसके बाद मनीषा ने ही करीब 7 बजे कंट्रोल रूम को कॉल किया। उसने खुद बताया कि वो अपने बेटे को मार चुकी है। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया।हत्या के कारण को लेकर परिवार वालों से पूछताछ की गई। इसमें किसी भी प्रकार के झगड़े या विवाद की बात सामने नहीं आई। परिवार वालों ने बताया कि मनीषा मानसिक रूप से बीमार है। उसका 2018 से इलाज चल रहा है। गुस्से में आकर उसने बेटे की हत्या कर दी है। पुलिस मेडिकल दस्तावेजों की जांच के आधार पर आगे बढ़ रही है।