Jalore जालोर । गृह मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार द्वितीय सिविल डिफेंस अभ्यास ‘ऑपरेशन शील्ड’ के तहत नागरिक सुरक्षा तैयारियों को मजबूत करने के संबंध में शनिवार को रेलवे स्टेशन परिसर जालोर में नागरिक सुरक्षा अभ्यास (मॉक ड्रिल) का आयोजन किया गया जिसके तहत रेलवे स्टेशन पर बमबारी से 30 व्यक्तियों के घायल होने की सूचना पर जिला प्रशासन, पुलिस, मेडिकल, एनडीआरएफ के 15 सदस्य दल, होमगार्ड के 60 सदस्य दल, सिविल डिफेंस द्वारा राहत, बचाव एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखा गया।
मॉक ड्रिल में जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे व जिला पुलिस अधीक्षक ज्ञानचन्द्र यादव के निर्देशन में जिला प्रशासन, पुलिस, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, सिविल डिफेंस, अग्निशमन, एनसीसी, सार्वजनिक निर्माण विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, डिस्कॉम, सहित नागरिक सुरक्षा सेवाओं की रेस्पोंस टाइम के क्रियान्वयन का आंकलन तथा आपातकालीन निकासी योजनाओं की तैयारी और उनके कार्यान्वयन का मूल्यांकन किया गया।
सूचना मिलने पर तुरन्त जिला प्रशासन, पुलिस, चिकित्सा, अग्निशमन, एंबुलेंस, सिविल डिफेंस पहुँचे तथा त्वरित कार्यवाही करते हुए दलों द्वारा घायलों को तुरन्त रेस्क्यू कर उपचार हेतु एंबुलेंस के माध्यम से चिकित्सालय ले जाया गया। मॉक ड्रिल के दौरान एनसीसी कैडेट्स व स्काउट्स ने भी सहयोग किया।
मौके पर बनाया गया अस्थाई अस्पताल तथा फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल का किया मुआयना
मॉक ड्रिल के दौरान बनाए गए अस्थाई अस्पताल में घायलों को तुरन्त ले जाकर उपचार कर आवश्यकतानुसार जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वही पुलिस की फोरेंसिक की टीम ने सबूत जुटाए तथा त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस ने एक डमी संदिग्ध को गिरफ्तार भी किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर (अति. प्रभार) नंदकिशोर राजोरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम गोदारा, उप पुलिस अधीक्षक गौतम जैन, उप वन संरक्षक जयदेवसिंह चारण, पीएचईडी के अधीक्षण संजय शर्मा, डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता धर्मेन्द्र प्रजापति, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता रमेश सिंघारिया, जिला परिवहन अधिकारी जालोर ओमप्रकाश चौधरी, एनडीआरएफ के आर.एस.पटेल, होमगार्ड के डिप्टी कमांडेंट वी.एस.राठौड़, थानाधिकारी अरविन्द राजपुरोहित, सहित विभागीय अधिकारी, पुलिस, सिविल डिफेंस के कार्मिक उपस्थित रहे।
जालोर शहर में रात्रि 8.30 बजे होगा ब्लैक आउट, नागरिक रहें सतर्क
‘ऑपरेशन शील्ड’ के तहत नागरिक सुरक्षा तैयारियों को मजबूत करने के लिए शनिवार को जालोर शहर में रात्रि 8.30 बजे से 8.45 तक ब्लैक आउट की मॉक ड्रिल की जायेगी जिसकी सूचना सायरन व हूटर बजाकर दी जायेगी। सायरन बजने की आवाज होने पर सभी नागरिक यथास्थिति में अपने घरों, दुकानों, होटलों, भवनों, वाहनों, कार्यालय या किसी भी परिसर की सभी लाईटें स्वेच्छा से बंद करें। घर की खिड़कियों और दरवाजों पर काले पर्दे या कवर लगाएं ताकि रोशनी बाहर न जाए। अफवाहों से बचें तथा सटीक जानकारी सुनें व प्रसारित करें। ड्रिल के समय निर्धारित समय पर बिजली के सभी उपकरण बंद करें। ड्रिल के समय शांत रहे व अफवाहों से बचें। ब्लैकआउट के दौरान टॉर्च या बैटरी से चलने वाले उपकरण साथ रखें। गांव व मोहल्लों में चौकसी रखें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को दें। ड्रिल के दौरान मोबाइल की फ्लैश लाइट व वाहन की हेडलाइट का अनावश्यक प्रयोग न करें। भीड़ इकट्ठी न करें और अनुशासन बनाए रखें। किसी भी प्रकार की आतिशबाजी, तेज आवाज वाले उपकरणों या ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग न करें।