मिशन मधुहारी की बड़ी उपलब्धि, एआई तकनीक से 2,219 मरीजों की आंखों की स्क्रीनिंग
राजस्थान में डायबिटीज मरीजों के लिए संपूर्ण देखभाल, दवाओं के साथ मानसिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान
जयपुर: जीवनभर इंसुलिन पर निर्भर रहने वाले टाइप-1 डायबिटीज मरीजों के लिए राजस्थान में उपचार की राह आसान बनाने की दिशा में मिशन मधुहारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। नियमित ब्लड शुगर जांच, इंसुलिन और अन्य चिकित्सा संसाधनों की व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों के बीच राज्य सरकार की इस पहल से प्रदेश के सभी 41 जिलों में अब तक 3,761 मरीजों को जोड़ा जा चुका है। मिशन के माध्यम से मरीजों को निःशुल्क उपचार सामग्री उपलब्ध कराने के साथ आंखों, किडनी और पैरों से जुड़ी जटिलताओं की पहचान तथा मानसिक स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर मिशन मधुहारी की उपलब्धियां सामने आई हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के मार्गदर्शन में संचालित इस पहल का उद्देश्य टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों और अन्य मरीजों को निरंतर उपचार उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही बीमारी के प्रबंधन के लिए आवश्यक चिकित्सा संसाधनों तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित मरीजों को जीवनभर इंसुलिन की आवश्यकता होती है। विशेष रूप से बच्चों और उनके परिवारों के लिए नियमित उपचार, ब्लड शुगर की निगरानी और चिकित्सा संसाधनों का खर्च उठाना चुनौतीपूर्ण होता है। मिशन मधुहारी के माध्यम से इन चुनौतियों को कम करने का प्रयास किया जा रहा है।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ के अनुसार, मिशन के तहत राजस्थान में कुल 205 स्वास्थ्य संस्थानों को सूचीबद्ध किया गया है। इनमें से 138 स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों का नामांकन किया जा रहा है।
नामांकन की सुविधा उपलब्ध कराने वाले संस्थानों में 65 जिला अस्पताल, 61 उप जिला अस्पताल, सात सैटेलाइट अस्पताल और पांच मेडिकल कॉलेज शामिल हैं। मिशन के तहत पंजीकृत मरीजों में से अब तक 2,153 मरीज कम से कम एक बार फॉलोअप ले चुके हैं।
मिशन मधुहारी के अंतर्गत मरीजों को इंसुलिन के साथ ग्लूकोमीटर, टेस्ट स्ट्रिप्स, इंसुलिन पेन और ब्लड शुगर मॉनिटरिंग लॉगबुक निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा मासिक फॉलोअप की सुविधा भी प्रदान की जा रही है, ताकि मरीजों के उपचार और ब्लड शुगर की स्थिति पर नियमित निगरानी रखी जा सके।
इस पहल का प्रभाव मरीजों की इंसुलिन उपचार व्यवस्था में भी दिखाई दिया है। मिशन से जुड़ने से पहले केवल 28 प्रतिशत मरीजों को बेसल-बोलस इंसुलिन उपचार मिल रहा था। अब यह अनुपात बढ़कर 92 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
मिशन मधुहारी में डायबिटीज से जुड़ी जटिलताओं की समय रहते पहचान करने के लिए तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। मधुनेत्र एआई के माध्यम से मरीजों में डायबिटिक रेटिनोपैथी की स्क्रीनिंग की जा रही है। यह मधुमेह के कारण आंखों के पर्दे को होने वाले नुकसान से संबंधित जांच है।
प्रदेश के 10 स्वास्थ्य संस्थानों में संचालित मधुनेत्र एआई सुविधा के माध्यम से अब तक 2,219 मरीजों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। इसके साथ ही राज किडनी केयर के तहत मरीजों की किडनी संबंधी जांच भी की जा रही है। डायबिटिक फुट और न्यूरोपैथी की स्क्रीनिंग को भी मिशन का हिस्सा बनाया गया है, जिससे बीमारी से जुड़ी जटिलताओं की समय रहते पहचान की जा सके।
मरीजों को दवाइयां और जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ मिशन में उनके मानसिक स्वास्थ्य और आपसी सहयोग को भी महत्व दिया गया है। मधुरंग कार्यक्रम के माध्यम से करीब एक हजार लोगों को ऐसे नेटवर्क से जोड़ा गया है, जहां वे अपने अनुभव साझा कर सकते हैं और एक-दूसरे का सहयोग कर सकते हैं।
वहीं, मधुमन कार्यक्रम के अंतर्गत मरीजों के मानसिक स्वास्थ्य और उनकी समग्र खुशहाली से जुड़े पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत मरीजों के वेलबीइंग इंडेक्स का औसत स्कोर 78.9 दर्ज किया गया है। मधुवाणी 104 हेल्पलाइन के माध्यम से भी मरीजों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
मिशन मधुहारी के तहत बच्चों और विद्यार्थियों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए सेहत की पाठशाला कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके माध्यम से स्कूली बच्चों में मोटापे की पहचान के लिए उनकी कमर की माप और बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) के आधार पर स्क्रीनिंग शुरू की गई है।
यह गतिविधि प्रमुख निजी विद्यालयों में भी संचालित की जा रही है। विद्यार्थियों में टाइप-1 डायबिटीज के प्रति जागरूकता और समझ विकसित करने के लिए मिशन के तहत 205 सरकारी विद्यालयों और 41 कॉलेजों को जोड़ा गया है।
विश्व मधुमेह दिवस पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने नियमित स्वास्थ्य जांच, बीमारी की समय पर पहचान और निरंतर उपचार के महत्व पर जोर दिया है। मिशन मधुहारी के माध्यम से प्रदेश में ऐसी उपचार व्यवस्था विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसमें टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित किसी भी मरीज को आर्थिक कठिनाइयों या चिकित्सा संसाधनों की कमी के कारण उपचार से वंचित नहीं रहना पड़े।
निःशुल्क इंसुलिन, नियमित फॉलोअप, एआई आधारित स्क्रीनिंग, मानसिक स्वास्थ्य सहयोग और शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से मिशन मधुहारी राजस्थान में टाइप-1 डायबिटीज मरीजों की समग्र देखभाल की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बन रहा है।