भीलवाड़ा। भीलवाड़ा के मांडल कस्बे में दिनदहाड़े महिला के साथ लूट का मामला सामने आया है। महिला सुबह मंदिर में पूजा-अर्चना कर अपने घर लौट रही थी। इस दौरान रास्ते में महिला को अकेली देख बाइक सवार एक बदमाश ने उसका महंगा मोबाइल लूट लिया। महिला कुछ समझ पाती इससे पहले बदमाश गायब हो गया। घटना पुलिस थाने से महज कुछ दूरी पर हुई। घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला के परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। महिला के साथ हुई लूट का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस ने आस-पास के क्षेत्रों में संदिग्ध की तलाश शुरू की है।
जानकारी अनुसार मंगलवार सुबह 10 बजे के करीब मांडल निवासी रविना पत्नी भावेश सोनी मांडल थाने की दीवार से सटे मंदिर में पूजा करने गई थी। वह पूजा कर अपने घर लौट रही थी। उसका मोबाइल उसके हाथ में ही था। मंदिर में पास गली में उसके पीछे से बाइक पर सवार हो कर एक बदमाश आया। और कुछ ही पल में उसका मोबाइल छीनकर वहां से बाइक लेकर भाग गया। घटना को लेकर मांडल थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई है। पुलिस संदिग्ध की तलाश शुरू कर दी है।