Jaipur जयपुर: केंद्रीय मंत्री और जयपुर ग्रामीण से सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने महागठबंधन पर करारा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों का यह गठबंधन केवल सत्ता की भूख से पैदा हुआ है, न कि किसी वैचारिक एकता या जनता के हित के लिए। राठौड़ ने कहा, “ये वही लोग हैं जिनकी न कोई विचारधारा है, न कोई राजनीतिक दर्शन, और न ही कोई एकता। फिर भी आज ये चुनाव साथ मिलकर लड़ रहे हैं, जबकि कई जगह एक-दूसरे के खिलाफ उम्मीदवार उतार रहे हैं। जयपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राठौड़ ने कहा कि महागठबंधन केवल एक “मौक़े का मेल” है, जिसका एकमात्र लक्ष्य नरेंद्र मोदी को रोकना है। उन्होंने कहा कि देश की जनता बहुत समझदार है और वो जानती है कि यह गठबंधन स्वार्थ और अवसरवाद की राजनीति पर टिका हुआ है।
राठौड़ ने कहा, “महागठबंधन के दलों के पास न कोई साझा एजेंडा है और न ही विकास की कोई ठोस नीति। हर पार्टी सिर्फ अपने हित के लिए साथ आई है। ये लोग जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब देश की जनता ‘डबल इंजन सरकार’ के विकास मॉडल पर भरोसा करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने बीते दस वर्षों में जो उपलब्धियां हासिल की हैं, वह विपक्ष को असहज कर रही हैं। “जब देश आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है, तब विपक्ष केवल नकारात्मक राजनीति कर रहा है। महागठबंधन का एजेंडा सिर्फ मोदी विरोध है, देशहित नहीं।”
केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल जनता के मुद्दों से पूरी तरह कट चुके हैं। “कांग्रेस ने अपने शासनकाल में सिर्फ वादे किए, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं किया। आज वही पार्टी क्षेत्रीय दलों का सहारा लेकर राजनीति में बने रहने की कोशिश कर रही है। राठौड़ ने महागठबंधन की आपसी खींचतान पर कटाक्ष करते हुए कहा, “जिन दलों के नेता एक-दूसरे के खिलाफ भ्रष्टाचार और कुशासन के आरोप लगाते थे, आज वही मंच साझा कर रहे हैं। ये गठबंधन स्थायी नहीं है, बल्कि चुनावी मौसम का अस्थायी मेल है।
उन्होंने भाजपा की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र और राजस्थान की भाजपा सरकारें जनहित और पारदर्शिता के साथ काम कर रही हैं। “प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में विकास की गंगा बह रही है। सड़क, बिजली, जल, उद्योग और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम हुआ है। राठौड़ ने विश्वास जताया कि जनता इस बार भी भाजपा को भारी बहुमत से समर्थन देगी और विपक्ष की “नकारात्मक राजनीति” को नकार देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की प्राथमिकता विकास, सुशासन और राष्ट्रहित है, जबकि महागठबंधन केवल कुर्सी की राजनीति कर रहा है। सभा में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने राठौड़ के भाषण पर “मोदी-शर्मा सरकार ज़िंदाबाद” और “महागठबंधन मुर्दाबाद” के नारे लगाए।