कांग्रेस से दस गुना महंगी युकां की सदस्यता, भाजपा फ्री में जोड़ रही

Update: 2023-01-16 14:05 GMT

जयपुर: प्रदेश युवा कांग्रेस ने संगठन चुनावी प्रक्रिया में मेंबरशिप कैम्पेन शुरू किया है। कैम्पेन में युवा कांग्रेस की सदस्यता हासिल करने के लिए 50 रुपए शुल्क लिया जाएगा, जबकि प्रदेश कांग्रेस की सदस्यता महज पांच रुपए में मिल रही है। वहीं विपक्षी पार्टी भाजपा में युवाओं को मिस्डकॉल अभियान के जरिए फ्री में सदस्यता दी जा रही है। प्रदेश युवा कांग्रेस ने अपनी आगामी चुनाव प्रक्रिया पूरी करने के लिए 11 जनवरी को मेंबरशिप अभियान लांच किया था।

इस प्रक्रिया में 11 जनवरी से सदस्यता अभियान की शुरुआत के साथ ही 12 से 18 जनवरी तक नामांकन, 19 जनवरी को आपत्ति, 20-21 जनवरी को छंटनी और 22 जनवरी को नामांकनों को अंतिम रूप दिया जाना है। इसके बाद 28 जनवरी से 27 फरवरी तक मेंबरशिप और वोटिंग प्रक्रिया साथ-साथ चलेगी। नामांकन पहले रखने से जाहिर है कि चुनाव प्रत्याशियों को अधिक से अधिक सदस्य बनाने होंगे। सदस्यता शुल्क 50 रुपए रखा है, जबकि युकां में पहले यह फीस दस रुपए थी। वहीं प्रदेश कांग्रेस का सदस्यता शुल्क महज पांच रुपए है। भाजपा-कांग्रेस ने सक्रिय सदस्यता शुल्क 100 रुपए भी समाप्त कर दिया है।

युवाओं ने उठाए सवाल:

प्रदेश युवा कांग्रेस के पहली बार ज्यादा फीस लेने पर युवाओं ने ही सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। युवाओं का तर्क है कि पहले नामांकन और बाद में मेंबरशिप कराने की प्रक्रिया ही समझ से बाहर है। सदस्यता शुल्क भी बहुत ज्यादा करने से युवाओं का जुड़ना काफी हद तक प्रभावित होगा। अक्सर अप्रत्यक्ष रूप से चुनाव लड़ने वाले ही सदस्यता शुल्क जमा कराते हैं, ऐसे में आर्थिक रूप से मजबूत प्रत्याशी ही चुनाव में टिक पाएंगे। प्रदेश युवा कांग्रेस मुख्यालय प्रभारी राहुल यादव ने कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस से मिले निर्देशों के बाद ही 50 रुपए फीस ली जा रही है। चुनाव प्रक्रिया में अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ने वालों को प्रत्याशी बनने से पहले दिल्ली में इंटरव्यू को पास करना अनिवार्य होगा।

प्रदेश कांग्रेस की सदस्यता का शुल्क पांच रुपए तय है। कांग्रेस में सक्रिय सदस्य से पहले 100 रुपए शुल्क लिया जाता था, लेकिन अब वह भी बंद कर दिया। अग्रिम संगठन अपने हिसाब से सदस्यता शुल्क तय कर सकते हैं।

-स्वर्णिम चतुर्वेदी, प्रवक्ता, प्रदेश कांग्रेस

भाजपा में या अग्रिम संगठन में जुड़ने के लिए हम कोई शुल्क नहीं ले रहे। हमारे मिस्डकॉल अभियान में कोई भी युवा नि:शुल्क सदस्यता हासिल कर सकता है। इसीलिए युवा भाजपा से अधिक संख्या में जुड़ भी रहे हैं।

-रामलाल शर्मा, प्रवक्ता, प्रदेश भाजपा

Tags:    

Similar News

-->