Madhopur: जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में आवश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक

Update: 2025-08-11 12:01 GMT
Madhopur माधोपुर: बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, चिकित्सा, सम्पर्क पोर्टल, बजट घोषणाओं, विकास कार्यों सहित आवश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
बैठक में बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, चिकित्सा, संपर्क पोर्टल और जनसुनवाई संबंधी लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि टीम भावना, पारदर्शिता और सक्रियता के साथ ही जनकल्याण के लक्ष्यों को प्रभावी रूप से प्राप्त किया जा सकता है।
उन्होंने संपर्क पोर्टल, मुख्यमंत्री एवं वीआईपी प्रकोष्ठ, मानवाधिकार आयोग, लोकायुक्त और अन्य संस्थाओं से जुड़े सभी लंबित मामलों का निस्तारण समयसीमा में और संतुष्टिपूर्ण तरीके से करने के निर्देश दिए। 90 दिन से अधिक समय से लंबित प्रकरण 7 दिनों में पूर्ण करने के आदेश देते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही की स्थिति में अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने बजट घोषणाओं की समीक्षा करते हुए आयुष्मान मॉडल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की स्थापना के संबंध में प्रगति लाने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जैमिनी को प्रदान किए। उन्होंने 5 हजार से अधिक आबादी वाली ग्राम पंचायतों में ओपन जिम और खेल मैदान की सुविधाओं के विकास के संबंध में चर्चा करते हुए संबंधित विकास अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए। वहीं आदर्श आंगनबाड़ी केन्द्र के संबंध में उप निदेशक आईसीडीएस प्रियंका शर्मा को निर्देश प्रदान किए। इस दौरान आदर्श सौर ग्राम की स्थापना, शिवाड़ में 132 केवी जीएसएस निर्माण, बहरावण्ड़ा कलां गोण कृषि मण्डी स्थापना, बायो पिंक टॉयलेट कॉम्पलेक्स स्थापना, घड़ियाल रियेरिंग सेन्टर, गंगापुर सिटी की खेल स्टेडियम सहित अन्य बजट घोषणाओं को पूर्ण करने के संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों को युद्धस्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए।
मानसून के मद्देनजर उन्होंने नगर परिषद, विद्युत और पेयजल विभाग को निर्बाध आपूर्ति एवं जलभराव से निपटने के लिए मशीनरी को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। हरियालो राजस्थान अभियान में लक्ष्य अनुसार पौधारोपण, मौसमी बीमारियों की रोकथाम के उपाय और जर्जर भवनों में विद्यालयों का संचालन तत्काल बंद करने के आदेश भी दिए गए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। साथ ही उन्होंने फसल खराबे एवं जल भराव वाले गांवों का सर्वे 14 अगस्त तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए है।
वॉलंटियर बन करें लोगों को देशभक्ति के प्रति जागरूक :- उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत तिरंगा यात्रा, रैली और तिरंगा वितरण को निर्धारित कार्यक्रम अनुसार पूर्ण करने के निर्देश देते हुए सभी अधिकारियों को स्वयं वॉलिंटियर बनकर आमजन को इस अभियान से जोड़ने की अपील की।
उन्होंने बताया कि तिरंगा वोलिंटियर्स कार्यक्रम के तहत जिले के सभी कार्मिक, आमजन, युवा, महिला, छात्र-छात्राएँ आदि जो देशभक्ति के संबंध में आमजन को जागरूक करना चाहते है, वे हर घर तिरंगा वेबसाइट https://harghartiranga.com/become-volunteer पर वोलिंटियर्स के रूप में पंजीकरण करा सकते हैं। ऐसे वोलिंटियर्स आमजन को देश की आजादी, देशभक्ति, तिरंगा का उद्देश्य, ध्वजारोहण, तिरंगा के साथ में हर घर तिरंगा पोर्टल पर सैल्फी अपलोड करने आदि के संबंध में आमजन को स्थानीय भाषा में जागरूक कर सकते है।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुड़ानिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम कुमार कस्वां, सीएमएचओं डॉ. अनिल कुमार जैमिनी, पीएमओं डॉ. तेजराम मीना, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी हरिसिंह मीना, अधीक्षण अभियंता पीएचईडी बी.एस. मीना, अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग बी.एल. मीना सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
Tags:    

Similar News