Kotputli: बहरोड़ जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. जलदीप सिंह यादव को एपीओ किया गया
बहरोड़ अस्पताल के पीएमओ को किया गया एपीओ, स्वास्थ्य विभाग का एक्शन
कोटपुतली: बहरोड़ जिला अस्पताल के प्रिंसिपल मेडिकल ऑफिसर (पीएमओ) डॉ. जलदीप सिंह यादव को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने एपीओ (अवेटिंग पोस्टिंग ऑर्डर) कर दिया है। विभाग ने उन्हें तत्काल प्रभाव से पदमुक्त करते हुए निदेशक जन स्वास्थ्य कार्यालय जयपुर में अपनी उपस्थिति देने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त शासन सचिव निशा मीना द्वारा मंगलवार देर रात आदेश जारी किए गए।
डॉ. जलदीप सिंह यादव को छह अप्रैल 2026 को बहरोड़ जिला अस्पताल का पीएमओ नियुक्त किया गया था, लेकिन नियुक्ति के करीब साढ़े तीन माह बाद ही विभाग ने उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें पद से हटा दिया। विभागीय आदेश के अनुसार डॉ. यादव के खिलाफ न्यायालय एवं उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना करने संबंधी शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इसके अलावा जिला चिकित्सालय के कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने भी उनकी कार्यशैली और प्रशासनिक व्यवहार को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे।
शिकायतों में आरोप लगाया गया कि अस्पताल का स्टाफ उनकी कार्यप्रणाली से असंतुष्ट और प्रताड़ित महसूस कर रहा था। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच के बाद यह कार्रवाई की है।
इधर, डॉ. यादव के एपीओ होने के बाद बहरोड़ जिला चिकित्सालय में नए पीएमओ की नियुक्ति को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभी तक नए प्रमुख चिकित्सा अधिकारी की नियुक्ति संबंधी कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। अस्पताल के प्रशासनिक संचालन को लेकर अब विभाग के अगले निर्णय पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।