Kota: सुरक्षा के मद्देनजर कोटा स्टेशन पर जांच तेज, एंटी बम स्क्वाड ने संभाला मोर्चा
रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा जांच अभियान, आरपीएफ और जीआरपी ने की तलाशी
काेटा: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर कोटा रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंगलवार को विशेष जांच अभियान चलाया गया। एंटी बम स्क्वाड, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) सहित विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों ने स्टेशन परिसर के प्रमुख और संवेदनशील स्थानों की सघन जांच की।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि कोटा रेलवे स्टेशन पर संयुक्त सुरक्षा जांच की गई। इस दौरान स्टेशन परिसर, वेटिंग हॉल, बुकिंग हॉल, प्लेटफॉर्म, गाड़ियों और फुट ओवर ब्रिज सहित अन्य संवेदनशील स्थानों को व्यवस्थित तरीके से चेक किया गया।
जांच अभियान में सहायक सुरक्षा आयुक्त प्रथम यशवंत सिंह सलूजा, निरीक्षक कोटा पोस्ट मय 08 स्टाफ, जीआरपी सी.आई. मय 06 स्टाफ, एटीएस से एडिशनल एसपी ओमेंद्र सिंह शेखावत एवं निरीक्षक दीप्ति, इमरजेंसी रिस्पांस टीम, 2 बीएन कोटा से उप निरीक्षक कीर्ति मय 25 स्टाफ तथा बीडीडीएस के उप निरीक्षक पुरुषोत्तम एवं डॉग हैंडलर कमलेश डॉग के साथ शामिल रहे।
अभियान के दौरान स्टेशन डायरेक्टर शशिभूषण, स्टेशन अधीक्षक वाणिज्य राकेश कुमार मीणा तथा विशेष खुफिया शाखा, कोटा के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। सुरक्षा टीमों ने यात्रियों की आवाजाही वाले स्थानों के साथ-साथ ऐसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया, जिन्हें सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है।
स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसरों को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। संयुक्त जांच का उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावी निगरानी के साथ किसी भी संभावित सुरक्षा चुनौती से निपटने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखना है।