Jalore: 2 मई को डिस्कॉम में विशेष कार्यशाला, नशामुक्त कार्यस्थल को लेकर ली जाएगी शपथ
Jalore जालोर । डिस्कॉम द्वारा जिले में विद्युत दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कार्मिकों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाने के लिए 2 मई को जिले में प्रत्येक अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता व कनिष्ठ अभियंता मुख्यालय पर कार्यशाला आयोजित कर सुरक्षा पर्व मनाया जायेगा।
जोधपुर डिस्कॉम जालोर के अधीक्षण अभियंता (पवस) धर्मेन्द्र प्रजापति ने बताया कि 2 मई को आयोजित होने वाली कार्यशालाओं में संबंधित क्षेत्र के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता व कनिष्ठ अभियंता अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए आस-पास के क्षेत्र के तकनीकी कर्मचारियों, सब स्टेशनों पर कार्यरत ठेकेदार के कर्मचारियों तथा एफ.आर.टी. कार्मिकों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाने के लिए उन्हें सुरक्षा संबंधी नियमों की जानकारी देने के साथ ही विद्युत संबंधी कार्य करते समय सुरक्षा उपकरणों का पूर्णतया उपयोग करने, बिना सुरक्षा उपकरणों के बिजली से संबंधित कोई भी कार्य करने से पूर्व अपने इष्टदेव का ध्यान कर कार्य प्रारंभ करने की शपथ दिलवाएंगे। इस शपथ के साथ सभी निगम कार्मिकों व एफआरटी कार्मिकों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलवाई जायेगी।