जालोर : जन्माष्टमी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब प्रसाद के लिए मिठाई और फल लेकर गांव लौट रहे चाचा-भतीजे की सड़क हादसे में मौत हो गई। बिशनगढ़ थाना क्षेत्र में मांडवला टोल नाके के पास शुक्रवार रात बाइक सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दशरथ और उसके डेढ़ साल के भतीजे हिमांशु ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब साढ़े आठ बजे हुआ। निबलाना निवासी दशरथ (25) पुत्र अर्जुन कुमार मेघवाल जन्माष्टमी के अवसर पर मिठाई और फल लेने बाइक से निकला था। सामान लेकर वह अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान मांडवला टोल नाके के पास अंधेरे में सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली उसकी बाइक को दिखाई नहीं दी और बाइक उससे जा टकराई।

हादसे की सबसे मार्मिक बात यह सामने आई कि डेढ़ साल का हिमांशु अपने चाचा दशरथ के बेहद करीब था।

परिजनों के अनुसार वह ज्यादातर चाचा के पास ही रहता था। जन्माष्टमी की शाम दशरथ जब घर से बाहर जाने लगा तो हिमांशु भी उसके साथ जाने की जिद करने लगा और रोने लगा। आखिरकार दशरथ उसे अपने साथ बाइक पर ले गया, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह सफर दोनों के लिए आखिरी साबित होगा।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को मांडवला की मोर्चरी में रखवाया और बाइक तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया।

शनिवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए।

दशरथ गांव में खेती करता था और उसने आठवीं कक्षा तक पढ़ाई की थी। वहीं हिमांशु के पिता किसान हैं। मासूम के परिवार में उसके अलावा दो भाई-बहन हैं। जन्माष्टमी पर जिस घर में प्रसाद और त्योहार की तैयारियां होनी थीं, वहां चाचा-भतीजे की मौत के बाद मातम पसरा हुआ है।

Tags: