Jaisalmer : कुत्ते के मुंह से छुड़ाया गया नवजात का शव, इलाके में सनसनी

Update: 2025-06-25 16:03 GMT
jaisalmer जैसलमेर : राजस्थान के जैसलमेर जिले से बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। शहर के गीता आश्रम क्षेत्र में लोगों ने एक नवजात शिशु का शव कुत्तों के मुंह में दबा हुआ देखा, जिसे देखकर हर किसी का दिल दहल उठा।
यह हृदय विदारक दृश्य जिसने भी देखा, उसकी आंखें नम हो गईं और इलाके में भय का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही कुछ लोगों की नजर सड़क किनारे घूम रहे कुत्तों पर पड़ी, तो वे हक्का-बक्का रह गए। कुत्तों के मुंह में नवजात शिशु का शव था। लोगों ने साहस दिखाते हुए कुत्तों को भगाया और शव को उनके चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली थाने से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नवजात शिशु के शव को अपने कब्जे में लेकर उसे जैसलमेर के जवाहर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थाने के सब-इंस्पेक्टर नारायण सिंह ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात को किसने और कब फेंका। प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि जिस स्थान पर नवजात का शव मिला, वहां से कुछ दूरी पर कई सरकारी और निजी अस्पताल स्थित है। ऐसे में यह आशंका जताई जा रही है कि संभवतः किसी ने मृत अवस्था में जन्मे नवजात को अस्पताल से बाहर लाकर फेंक दिया और कुत्ते उसे उठा लाए।
हालांकि, यह भी जांच का विषय है कि बच्चा मृत जन्मा था या उसके साथ कुछ और अमानवीय कृत्य हुआ।फिलहाल पुलिस जांच कर रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है, ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सके। पुलिस का कहना है कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद गीता आश्रम और आसपास के इलाकों में भय और दुख का माहौल है। लोग स्तब्ध हैं कि आखिर कोई इतना निर्दयी कैसे हो सकता है, जो एक मासूम को इस तरह सड़कों पर फेंक दे।
Tags:    

Similar News