Jaipur: विधानसभा क्षेत्र अंता में भूमि उपलब्धता वाली सभी सहकारी समितियों में गोदाम निर्मित
Jaipur जयपुर । सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गोतम कुमार ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि विधानसभा क्षेत्र अंता में भूमि उपलब्धता वाली सभी सहकारी समितियों में गोदाम निर्मित हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भूमिहीन ग्राम सेवा सहकारी समितियों में भूमि आवंटन के लिए प्रयासरत है। सहकारिता राज्य मंत्री ने बताया कि राज्य बजट 2025-26 में 100 ग्राम सेवा सहकारी समितियों में 100 मीट्रिक टन क्षमता के गोदामों के पुनर्निर्माण के लिए प्रावधान किया गया है।
सहकारिता राज्य मंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र अंता की मिर्जापुर ग्राम सेवा सहकारी समिति में अतिरिक्त भंडारण के लिए 500 मीट्रिक टन क्षमता के गोदाम का निर्माण करवाया जा रहा है। उन्होंने अवगत कराया कि अतिरिक्त भंडारण के लिए ग्राम सेवा सहकारी समिति से संबंधित केन्द्रीय सहकारी बैंक की अनुशंसा सहित प्रस्ताव प्राप्त होने पर व बजट उपलब्धतानुसार गोदाम निर्माण की स्वीकृति दी जाती है।
इससे पहले विधायक श्री कंवरलाल के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र अंता में बारां केन्द्रीय सहकारी बैंक से सम्बद्ध 42 ग्राम सेवा सहकारी समितियों में गोदाम बने हुए हैं तथा 13 नवगठित ग्राम सेवा सहकारी समितियां (भूमिहीन) गोदाम विहीन हैं। उन्होंने बताया कि समितियों के पास वैध स्वामित्व वाली भूमि उपलब्ध होने एवं संबंधित केन्द्रीय सहकारी बैंक की अनुशंसा सहित प्रस्ताव प्राप्त होने पर तत्समय उपलब्ध बजट के आधार पर गोदाम निर्माण की स्वीकृति पर विचार किया जा सकेगा।