Jaipur जयपुर । राज्य के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने ग्रामीण सेवा शिविर 2025 के तहत शुक्रवार को सिरोही जिला स्थित बरलूट व उड में आयोजित शिविरों का निरीक्षण कर आमजन से संवाद किया।
उन्होंने इस दौरान आमजन द्वारा प्रस्तुत समस्याओं के सम्बन्ध में सम्बन्धित अधिकारियों को कहा कि वे इन शिविरों में परिवेदनाओं को गंभीरता से सुने और उनका त्वरित निस्तारण कर सम्बन्धित को राहत प्रदान करें। इस दौरान उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा पूरे राज्य में एक ही छत के नीचे विभिन्न विभागों से जुड़े कार्यों के निस्तारण के लिए ग्रामीण सेवा शिविर एवं शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, उन्होंने कहा इन शिविरों के माध्यम से जहां आमजन की लंबित समस्याओं का निस्तारण किया जा रहा है वहीं विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित भी हो सकेंगे।
इस मौके पर जिला प्रमुख अर्जुन राम पुरोहित ने कहा कि लोगों को राहत पहुंचाना सरकार का लक्ष्य है, इसके लिए सरकार पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। राज्यमंत्री ने शिविरों के निरीक्षण के दौरान पट्टा वितरण, नाम शुद्धिकरण, आपसी सहमति के बंटवारे समेत विभिन्न दस्तावेज का वितरण भी किया गया। इस दौरान शिविर प्रभारी, संबंधित अधिकारी समेत जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित थे।