Jaipur: अलवर समेत कई क्षेत्रों में बारिश से लोगों को गर्मी से राहत

अलवर में 20 मिमी वर्षा, प्रदेश में बारिश का दौर जारी

Update: 2026-07-15 04:52 GMT

जयपुर: कमजोर पश्चिमी तंत्र के प्रभाव से मंगलवार को राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश हुई। अलवर और कोटपूतली-बहरोड़ जिले में दोपहर बाद तेज वर्षा दर्ज की गई। कोटपूतली के पावटा में बारिश के कारण मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का प्रस्तावित दौरा स्थगित करना पड़ा।

मुख्यमंत्री पावटा स्थित पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित शहरी सेवा शिविर में शामिल होने वाले थे। तेज बारिश के दौरान लोग सिर पर कुर्सियां रखकर बचाव करते नजर आए। अलवर में 20 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। तेज बारिश से कई स्थानों पर सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया, जिससे कई वाहन फंस गए। निचले इलाकों में स्थित दुकानों में भी पानी घुस गया।

राजधानी जयपुर में दिनभर बादल छाए रहे और मध्यम गति से हवाएं चलती रहीं। बीच-बीच में धूप भी निकलती रही। जयपुर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री की गिरावट तथा न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार श्रीगंगानगर को छोड़कर प्रदेश के सभी प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। श्रीगंगानगर में सर्वाधिक 40.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि बारां जिले के अंता में न्यूनतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक रहा।

मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कहीं-कहीं झोंकेदार हवाएं चलीं। पूर्वी राजस्थान में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा, जबकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई।

Tags:    

Similar News