Jaipur: रामगंज थाने में जनसुनवाई, लोगों की समस्याएं मौके पर सुलझीं

Update: 2026-05-18 04:00 GMT

जयपुर: पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने रविवार को रामगंज थाने में जनसुनवाई कर परिवादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान कई परिवादियों की शिकायतों का तत्काल समाधान भी किया गया।

इस अवसर पर विशेष अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (अपराध) अजय सिंह, पुलिस उपायुक्त उत्तर करण शर्मा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त उत्तर-प्रथम, सहायक पुलिस आयुक्त रामगंज एवं माणक चौक सहित संबंधित थाना अधिकारियों एवं एसएचओ मौजूद रहे।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने कहा कि आमजन को त्वरित राहत देने के उद्देश्य से थाना स्तर पर प्रतिदिन जनसुनवाई आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि जनसुनवाई में आपसी मुकदमे, पारिवारिक विवाद, जमीन संबंधी विवाद, मकानों पर कब्जे, अवैध कब्जे, चोरी, मारपीट सहित अन्य शिकायतें प्राप्त हुईं। सभी शिकायतों की जांच कर कम से कम समय में निश्चित समयावधि में निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने अधिकारियों को परिवादियों की समस्याओं पर तुरंत रिस्पॉन्स देने तथा प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। जनसुनवाई के दौरान रामगंज सर्किल के रामगंज एवं गलता गेट थाना क्षेत्र तथा माणक चौक सर्किल के माणक चौक, सुभाष चौक एवं महिला थाना उत्तर क्षेत्र के परिवादियों ने अपनी समस्याएं पुलिस आयुक्त के समक्ष रखीं और समाधान प्राप्त किया। जनसुनवाई की विशेषता यह रही कि अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि समय लेने वाले मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

गौरतलब है कि इससे पूर्व पुलिस कमिश्नर द्वारा एसीपी कार्यालय झोटवाड़ा, सामुदायिक भवन सांगानेर, पुलिस थाना शिप्रापथ, विद्याधर नगर, भांकरोटा, बस्सी, शिवदासपुरा, चौमूं एवं आमेर में भी जनसुनवाई कर आमजन की समस्याओं का समाधान किया जा चुका है।

Tags:    

Similar News