Jaipur: ट्रैफिक नियम उल्लंघन पर पुलिस का बड़ा अभियान

22 दिनों में बड़ी संख्या में चालान किए गए

Update: 2026-06-27 06:43 GMT

जयपुर: राजस्थान पुलिस द्वारा सड़कों पर यातायात अनुशासन स्थापित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा विशेष यातायात प्रवर्तन अभियान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर 4 जून से 25 जून 2026 तक प्रदेशभर में चलाए गए 22 दिवसीय अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 1 लाख 71 हजार 727 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।

महानिदेशक पुलिस (यातायात) अनिल पालीवाल की निगरानी में संचालित इस अभियान के संबंध में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि कार्रवाई के दौरान 63,298 वाहनों पर अवैध काली फिल्म, 43,461 वाहनों पर नियम विरुद्ध नंबर प्लेट एवं पंजीयन चिन्ह, 24,033 मामलों में अनाधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन, 18,159 मामलों में वाहनों की संरचना में अवैध परिवर्तन, 13,586 मामलों में अनधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट एवं हूटर तथा 9,190 मामलों में प्रेशर हॉर्न एवं एयर हॉर्न पाए जाने पर चालान किए गए। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान 5 जून को एक ही दिन में 5,982 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इनमें 1,792 काली फिल्म, 1,416 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 953 अवैध वाहन संशोधन, 892 अनाधिकृत शब्द एवं चिन्ह, 599 लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर एवं हूटर तथा 330 प्रेशर हॉर्न एवं एयर हॉर्न के मामले शामिल रहे।

जिलेवार कार्रवाई में अजमेर सर्वाधिक सक्रिय रहा, जहां 590 चालान किए गए। इसके अलावा जयपुर कमिश्नरेट के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 1,098 मामलों में कार्रवाई की गई। वहीं झुंझुनूं में 373, जयपुर ग्रामीण में 326, चित्तौड़गढ़ में 228, कोटपूतली-बहरोड़ में 213 तथा दौसा में 212 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

राजस्थान पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, वाहनों पर अनधिकृत उपकरण एवं संशोधन नहीं कराने तथा सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह विशेष अभियान आगे भी सख्ती के साथ जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News