Jaipur: शहरी सेवा शिविरों में लोगों को मिली बड़ी राहत, 1,199 पट्टे वितरित

Update: 2026-06-24 05:39 GMT

जयपुर: जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविरों में आमजन के विभिन्न लंबित मामलों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जा रहा है। शिविरों के माध्यम से नागरिकों को पट्टा, नामांतरण, लीज मुक्ति प्रमाण पत्र, उपविभाजन एवं पुनर्गठन जैसे मामलों में मौके पर राहत प्रदान की जा रही है।

जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि शिविरों के दौरान ई-फाइलिंग प्रक्रिया और ऑनलाइन मॉनिटरिंग प्रणाली के माध्यम से नागरिक सेवाओं से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है। इससे लोगों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं और लंबित मामलों के समाधान में तेजी आई है। उन्होंने बताया कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 1,519 प्रकरणों का निस्तारण किया जा चुका है। इनमें 1,199 पट्टे जारी किए गए, 224 नामांतरण किए गए, 53 उपविभाजन एवं पुनर्गठन प्रकरणों का निस्तारण किया गया तथा 20 लीज मुक्ति प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं।

महाजन ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन को पारदर्शी, सरल और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है और उनके मामलों का समाधान एक ही स्थान पर किया जा रहा है।

जेडीए ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने संबंधित जोन में निर्धारित तिथियों पर आयोजित शिविरों में उपस्थित होकर पट्टा, नामांतरण, लीज, उपविभाजन, पुनर्गठन तथा अन्य लंबित प्रकरणों का मौके पर निस्तारण करवाएं और राज्य सरकार की इस जनहितकारी पहल का अधिकतम लाभ उठाएं।

Tags:    

Similar News