Jaipur : लाडपुरा में खरीफ 2022 में फसल खराबे से प्रभावित एक हजार से अधिक

Update: 2025-03-21 13:53 GMT
Jaipur जयपुर । आपदा प्रबंधन राज्यमंत्री श्री ओटाराम देवासी ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2022 खरीफ में 33 प्रतिशत या इससे अधिक फसल खराबे से प्रभावित एक हजार 154 काश्‍तकारों के आवेदन डीएमआईएस पोर्टल पर प्राप्‍त हुए, इनमें से एक हजार एक सौ काश्‍तकारों को 75 लाख 35 हजार का कृषि आदान अनुदान भुगतान किया गया हैं। इस अवधि के 54 काश्‍तकारों के लंबित भुगतान की कार्यवाही भी प्रक्रियाधीन है।
आपदा प्रबंधन राज्यमंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य द्वारा इस सम्बन्ध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुए भवनों के मुआवजे का भुगतान एसडीआरएफ नोर्म्स के आधार पर ही किया जाता है।
इससे पहले विधायक श्रीमती कल्पना देवी के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में आपदा प्रबंधन राज्यमंत्री ने बताया कि लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र में मानसून वर्ष 2024 खरीफ अतिवृष्टि से बोई गई फसलों में गिरदावरी अनुसार 33 प्रतिशत या इससे अधिक फसल खराबा नहीं हुआ है। किन्‍तु विधानसभा क्षेत्र लाडपुरा की तहसील लाडपुरा के एक राजस्‍व ग्राम में 15 व्‍यक्तिगत काश्‍तकारों की फसलों में 33 प्रतिशत या इससे अधिक फसल खराबा हुआ है।
उन्होंने बताया कि प्रभावित काश्‍तकारों को भारत सरकार द्वारा जारी एसडीआरएफ नोर्म्‍स के अनुसार कृषि आदान अनुदान भुगतान हेतु 27 जनवरी 2025 को दिशा निर्देश जारी किये जा चुके है, जिनको शीघ्र भुगतान किये जाने की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। लाडपुरा में रबी फसल वर्ष 2022-23 में फसलों में 33 प्रतिशत या इससे अधिक फसल खराबा नहीं होने के कारण कृषि आदान अनुदान भुगतान देय नहीं है।
श्री देवासी ने बताया कि लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2022 खरीफ में अतिवृष्टि से मकानों के नुकसान से संबंधित 721 व्‍यक्तियों को 33 लाख 37 हजार रुपए की सहायता उपलब्‍ध करवाई गई है। वर्तमान में मकानों के नुकसान से संबंधित आवेदन व प्रकरण एसडीआरएफ नोर्म्‍स के अनुसार लंबित नहीं हैं। भारत सरकार द्वारा जारी एसडीआरएफ नोर्म्‍स के अनुसार दुकानों में हुए नुकसान का मुआवजा व सहायता देय नहीं है।
Tags:    

Similar News