Jaipur: मानसून की धमाकेदार एंट्री, ब्यावर में नौ इंच बारिश से हालात बदले

राजस्थान में सक्रिय हुआ मानसून, कई इलाकों में भारी बारिश का दौर

Update: 2026-07-23 08:23 GMT

जयपुर: राजस्थान में बुधवार को मानसून पूरी तरह सक्रिय रहा और इस सीजन की सबसे भारी बारिश हुई। ब्यावर क्षेत्र में रिकॉर्ड 225 मिमी (करीब 9 इंच) बारिश हुई, जो इस मानसून सत्र में प्रदेश में अब तक की सर्वाधिक वर्षा है। लगातार हुई तेज बारिश से खेत, सड़कें और निचले इलाके जलमग्न हो गए, वहीं बरसाती नदियों और नालों में उफान आ गया।

ब्यावर के अलावा अजमेर, भीलवाड़ा सहित कई जिलों में 3 से 5 इंच तक वर्षा हुई। डूंगरपुर, बांसवाड़ा, जोधपुर, जैसलमेर, बीकानेर, भरतपुर, नागौर, बूंदी, अलवर और पाली के कई क्षेत्रों में भी दो इंच तक बारिश हुई।

बारिश के कारण लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली, लेकिन कई शहरों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली।

हनुमानगढ़ जिले में बुधवार देर शाम शुरू हुआ बारिश का दौर गुरुवार सुबह तक जारी रहा। लगातार वर्षा के कारण शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया और जनजीवन प्रभावित हुआ। श्रीगंगानगर में भी सड़कों पर आधा फीट तक पानी जमा हो गया, जबकि बाड़मेर में लंबे इंतजार के बाद अच्छी बारिश होने से लोगों ने राहत महसूस की।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि प्रदेश में मानसून फिलहाल सक्रिय बना हुआ है और आगामी दो दिनों तक अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि मानसून ट्रफ सामान्य स्थिति में बीकानेर, टोंक, गुना और दमोह से होकर गुजर रही है। साथ ही उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण तंत्र बना हुआ है, जिसके प्रभाव से राज्यभर में व्यापक वर्षा हो रही है।

दक्षिणी राजस्थान के कई इलाकों में भारी से अतिभारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए प्रदेश के 11 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि 25 जुलाई के बाद पश्चिमी राजस्थान में बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है। राजधानी जयपुर में भी दूसरे दिन बारिश का दौर जारी रहा। फुलेरा, फागी, नरैना, सांभर, जोबनेर और दूदू क्षेत्रों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई। सांभर में सर्वाधिक 52 मिमी बारिश हुई। शहर में दिनभर रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही, हालांकि उमस पूरी तरह खत्म नहीं हुई।

अजमेर में दिनभर रुक-रुककर तेज बारिश होती रही और कुल 79 मिमी वर्षा हुई। वहीं अलवर में सुबह से शाम तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर चला, जिससे तापमान में गिरावट आई। उदयपुर में सुबह करीब एक घंटे तक हुई तेज बारिश से मौसम सुहावना हो गया और तापमान में दो डिग्री तक कमी आ गई। कोटा में भी पिछले दो दिनों से जारी बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है और बांधों तथा नदियों में पानी की आवक शुरू हो गई है।

जोधपुर में मानसून की पहली अच्छी बारिश होने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।

प्रदेश में सक्रिय मानसून के चलते मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा नदी-नालों के आसपास सतर्क रहने की सलाह दी है। अगले 48 घंटों में कई जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है।

Tags:    

Similar News