Jaipur: शिक्षा सुधार को लेकर सरकार सक्रिय, स्कूलों की शिक्षण व्यवस्था को मिली मजबूती
स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर सरकार का विशेष फोकस
जयपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। रोजगार सृजन के लिए प्रतिबद्धता के तहत अब तक 1 लाख 89 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां प्रदान की गई हैं, उनमें 48 हजार 465 नियुक्तियां शिक्षा विभाग में प्रदान की गई हैं। वहीं विभाग से संबंधित 59 हजार 587 पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं।
मुख्यमंत्री की मंशा के अनुसार राज्य सरकार का उद्देश्य है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी होने तक आवश्यक शैक्षणिक व्यवस्था निर्बाध रूप से संचालित होती रहे और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित ना हो। इसे देखते हुए ऐसे रिक्त पद जिन पर भर्ती प्रक्रिया पूरी होने अथवा अन्य कारणों से समय लगने की संभावना है, उन पदों पर विद्या संबल योजना के माध्यम से अनुपलब्धता के आधार विषय विशेषज्ञ एवं अनुभवी व्यक्तियों को गेस्ट फैकल्टी के रूप में लगाया जाएगा। इसके लिए मुख्य सचिव द्वारा नवीन दिशा-निर्देश के अनुसार जिला कलेक्टर्स एवं जिला शिक्षा अधिकारियों को अधिकृत किया गया है।
उल्लेखनीय है कि वर्तमान सरकार के ढाई साल में ही स्कूलों की मरम्मत, नए भवन और कक्षा-कक्ष बनाने जैसे आधारभूत कार्यों पर 2 हजार 723 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं, जबकि पूर्ववर्ती सरकार ने अपने 5 साल के कार्यकाल में इन कार्यों पर 2 हजार 227 करोड़ रुपये ही खर्च किए थे।