Jaipur: गहलोत का भाजपा पर हमला, ओएमआर घोटाले की जांच को लेकर उठाए सवाल

ओएमआर घोटाले पर गरमाई सियासत, गहलोत ने मांगा जवाब

Update: 2026-07-23 05:53 GMT

जयपुर: पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर भाजपा सरकार पर युवाओं के मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शांतिपूर्ण प्रदर्शन से भाजपा परेशान दिखाई दे रही है, जबकि उसे युवाओं के भविष्य और भर्ती परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं पर जवाब देना चाहिए।

गहलोत ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि वर्ष 2013 से 2018 के बीच भाजपा शासनकाल में 12 पेपर लीक की घटनाएं हुई थीं, लेकिन उस समय न कोई कठोर कानून बनाया गया और न ही दोषियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से पेपर लीक माफिया को बढ़ावा मिला।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पेपर लीक के खिलाफ देश का सबसे कठोर कानून बनाया था। वर्ष 2022 में लाए गए कानून में दोषियों के लिए आजीवन कारावास, संपत्ति जब्ती और 10 करोड़ रुपए तक जुर्माने का प्रावधान किया गया। उन्होंने दावा किया कि आजीवन कारावास का प्रावधान करने वाला राजस्थान देश का पहला राज्य बना।

गहलोत ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने बिना किसी को बख्शे कार्रवाई की थी। आरपीएससी के तत्कालीन सदस्य तक को गिरफ्तार किया गया, पेपर लीक माफिया की अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई की गई, दोषी कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया तथा प्रभावित परीक्षाओं को रद्द कर पुनर्परीक्षा आयोजित कर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।

उन्होंने भाजपा सरकार से राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (आरएसएसबी) की परीक्षाओं में सामने आए कथित ओएमआर घोटाले पर भी जवाब मांगा। गहलोत ने कहा कि ओएमआर शीट बदलने वाले गिरोह का खुलासा होने और एसओजी द्वारा बोर्ड के तकनीकी प्रमुख तक को गिरफ्तार किए जाने के बावजूद सरकार अपने कार्यकाल में हुई परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच की घोषणा नहीं कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी कारण इस मामले के आरोपी जमानत पर बाहर आ गए हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रों पर लाठियां बरसाने और ओएमआर घोटाले को दबाने के आरोपों का सामना कर रही भाजपा सरकार को कांग्रेस पर सवाल उठाने से पहले युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने सरकार से ओएमआर घोटाले की निष्पक्ष जांच कराने और पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने की मांग की।

Tags:    

Similar News