जयपुर क्राइम न्यूज़: माणक चौक थाना इलाके में स्विट्जरलैंड से जयपुर घूमने आई 29 वर्षीय विदेशी युवती का दो लाख रुपये के गहनों से भरा बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में स्विजरलैंड की युवती ने थाने पहुंच कर मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।

जांच अधिकारी एएसआई विजय सिंह ने बताया कि स्विट्जरलैंड की रहने वाली युवती कैरोलेन विक ने मामला दर्ज करवाया है कि वह गहनों में नगीने लगाने के लिए जौहरी बाजार जा रही थी। इस दौरान हवामहल बाजार से बड़ी चौपड़ की ओर पैदल जाते समय अचानक उसके सैंडल में कुछ चीज उलझ गई। उसने अपने कंधों पर टांगे हुए दो बैग को जमीन पर रखकर सैंडल में फंसी उलझन को हटाने लगी। जब विदेशी युवती खड़ी हुई और अपने बैग संभाले तो गहनों और नगीनों से भरा हुआ बैग गायब था। विदेशी युवती ने आसपास काफी तलाश की लेकिन उसका कुछ भी पता नहीं चला। इसके बाद विदेशी युवती ने अपने होटल में जाकर मैनेजमेंट को इस बारे में बताया। जिसके बाद होटल मैनेजमेंट के कुछ लोगों ने विदेशी युवती के साथ माणक चौक थाने पहुंच ज्वैलरी और नगीना से भरा बैग चोरी होने का मामला दर्ज करवाया। बैग में तकरीबन 2 लाख रुपये की ज्वैलरी बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है।

Tags: