Jaipur जयपुर। श्रावण मास के प्रथम सोमवार के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास परिसर स्थित राज राजेश्वरी मंदिर में भगवान शिव का विधिवत सहस्त्राभिषेक कर प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की। उन्होंने अपनी धर्मपत्नी के साथ मंत्रोच्चार व वैदिक विधियों के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना की।
पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर परिसर में पवित्रता और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। मुख्यमंत्री ने जल, दूध, दही, शहद, घृत और पंचामृत से भगवान शिव का अभिषेक कर विशेष अनुष्ठान किया। इस धार्मिक अनुष्ठान में मुख्यमंत्री निवास के अधिकारी, कर्मचारी एवं मंदिर के पुजारीगण भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव को समर्पित होता है और यह समय आत्मिक शांति, श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना करते हुए श्रद्धालुओं को श्रावण मास की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री के इस धार्मिक आयोजन को लेकर निवास परिसर में विशेष व्यवस्था की गई थी और पूरे वातावरण में धार्मिकता, भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।