Jaipur : डिस्ट्रीक्ट मिनरल फाउन्डेशन ट्रस्ट (DMFT) गवर्निंग काउंसिल की बैठक

Update: 2025-10-16 13:21 GMT
Jaipur जयपुर । डिस्ट्रीक्ट मिनरल फाउन्डेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) गवर्निंग काउंसिल की बैठक बुधवार को अजमेर जिले के रीट सभागार में आयोजित हुई। इसमें विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी, केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री भागीरथ चौधरी एवं जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत ने खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए सरकार की संकल्पबद्धता पर प्रकाश डाला।
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि अतिवृष्टि के कारण प्रभावित विद्यालयों की मरम्मत एवं शैक्षणिक संस्थानों तथा चिकित्सा केंद्रों से संबंधित कार्यों को बजट घोषणाओं में प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ जनता तक समय पर पहुंचे, इसके लिए सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि अजमेर जिले के प्रत्येक क्षेत्र में संतुलित विकास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि डीएमएफटी फंड के उपयोग में पारदर्शिता और जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। इससे खनन प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और रोजगार के अवसरों में वास्तविक सुधार दिखाई देगा।
जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश रावत ने कहा कि बजट घोषणा के अनुरूप चिकित्सा एवं शिक्षा से जुड़े कार्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि डीएमएफटी फंड का सदुपयोग जिले के चिकित्सा एवं शैक्षणिक ढांचे को मजबूत बनाने में होना चाहिए। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बुनियादी सुविधाएं मिल सकें।
विधायक श्रीमती अनीता भदेल ने अजयनगर क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व विद्यालय सभागार निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने की आवश्यकता बताई। इससे जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। विधायक श्री शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि जनहित के कार्यों के लिए डीएमएफटी के माध्यम से बजट उपलब्ध होने से क्षेत्र के विकास में तेजी आएगी। विधायक श्री रामस्वरूप लांबा ने कहा कि डीएमएफटी के माध्यम से शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में ठोस सुधार के प्रयास होने चाहिए। बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री राम प्रकाश ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में स्वीकृत कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।
अजमेर जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने कहा कि सभी स्वीकृत कार्यों को जनहित, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए।
Tags:    

Similar News