Jaipur: बंगाल की खाड़ी के डिप्रेशन से बढ़ेगी बारिश, 10 जिलों में चेतावनी जारी
बारिश के लिए तैयार रहें, डिप्रेशन के असर से फिर बरसेंगे बादल
जयपुर: बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन सिस्टम के प्रभाव से राजस्थान में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में इसका असर दिखाई देने लगेगा। भरतपुर, जयपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर संभाग के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। विभाग ने सोमवार के लिए 10 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक 29 और 30 जुलाई को कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। डिप्रेशन सिस्टम का प्रभाव प्रदेश में एक से दो अगस्त तक बने रहने की संभावना है, जिससे कई इलाकों में अच्छी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
इससे पहले रविवार को बाड़मेर, जैसलमेर और पाली जिले में बारिश हुई। वहीं पिछले 24 घंटे के दौरान पश्चिमी जिलों को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहा। जालोर, बाड़मेर, सिरोही, अजमेर और भरतपुर जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हुई।
अजमेर जिले के जवाजा में सबसे अधिक 43 मिमी वर्षा हुई। इसके अलावा सिरोही के माउंट आबू में 37.2 मिमी, राजसमंद के कुंवारिया में 28 मिमी, बाड़मेर के चौहटन में 28.5 मिमी, धनाऊ में 23 मिमी, डीग के सीकरी में 25 मिमी तथा जालोर के रानीवाड़ा और सांचौर में 12-12 मिमी बारिश मापी गई। जोधपुर, जैसलमेर और झालावाड़ सहित कुछ अन्य जिलों में भी बूंदाबांदी हुई।
बारिश का दौर कमजोर पड़ने और धूप निकलने से प्रदेश के अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई, जिससे गर्मी और उमस दोनों बढ़ गई हैं।
रविवार को श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इसके अलावा बीकानेर में 38, फलोदी में 37.4, जैसलमेर में 36.7, दौसा में 36.6, चूरू में 36.4, पिलानी में 36.2, अलवर में 35.5, हनुमानगढ़ और करौली में 35.1-35.4, बाड़मेर में 35.1, टोंक में 33.6 तथा जोधपुर में 32.5 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया।
मौसम विभाग का कहना है कि डिप्रेशन सिस्टम के सक्रिय रहने तक प्रदेश के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।