Jaipur: ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट
"जयपुर सहित इलाकों में मौसम सुहाना"
जयपुर: राजस्थान में पांच दिन बाद एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। राजधानी जयपुर सहित आसपास के इलाकों में सोमवार सुबह से घने बादल छाए हुए हैं। शहर के कई हिस्सों में रुक-रुककर हल्की बारिश हो रही है, जिससे हवा में ठंडक घुल गई है और लोगों को हल्की सर्दी का अहसास हो रहा है।
सुबह करीब सात बजे से मालवीय नगर, सीकर रोड और अन्य क्षेत्रों में फुहारें पड़ने लगीं। जयपुर जिले के चौमूं क्षेत्र में करीब 15 मिनट तक तेज बरसात हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार रविवार रात से ही ठंडी हवाएं चल रही थीं, जिसका असर सोमवार सुबह दिखाई दिया। जयपुर-सीकर रोड पर भी हल्की बारिश के साथ तेज हवा चली, जिससे खाटूश्याम पदयात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जयपुर के साथ-साथ कोटा और उदयपुर सहित कई जिलों में बदले मौसम का असर देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि इस बार कम पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने और अपेक्षित वर्षा नहीं होने के कारण प्रदेश में समय से पहले गर्मी दस्तक दे सकती है। पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकांश क्षेत्रों में आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। जयपुर, अजमेर, बीकानेर, भरतपुर और जोधपुर संभाग के शहरों में दिन का तापमान 29 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में रहा।
कई शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा। श्रीगंगानगर में तापमान सामान्य से 6.1 डिग्री अधिक रहा, जबकि पिलानी, जैसलमेर, बीकानेर, फलोदी, चूरू, सीकर, चित्तौड़गढ़, जोधपुर और जयपुर में भी तापमान सामान्य से अधिक रहा।
मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना है। 23-24 फरवरी को कुछ स्थानों पर हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। वहीं मार्च के पहले सप्ताह में होली के दौरान तेज गर्मी पड़ने की आशंका है और कुछ शहरों में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक तक पहुंच सकता है।
बदले मौसम के इस मिजाज के बीच जहां लोगों को फिलहाल ठंडी हवाओं और हल्की बारिश से राहत मिली है, वहीं आने वाले दिनों में बढ़ती गर्मी को लेकर चिंता भी बढ़ने लगी है।