Jaipur: रिश्वत लेते एएसआई पर कार्रवाई, 15 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार
15 हजार की रिश्वत बनी एएसआई की मुसीबत, पुलिसकर्मी गिरफ्तार
जयपुर: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए भरतपुर जिले के पुलिस थाना अटलबंध के सहायक उपनिरीक्षक गोविन्द मीना को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी ने परिवादी के पिता की ओर से दर्ज दो मुकदमों में कार्रवाई करने की एवज में 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि भरतपुर चौकी को शिकायत मिली थी कि आरोपी रिश्वत के लिए परिवादी को परेशान कर रहा है। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी रेंज भरतपुर के डीआईजी ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में ट्रेप की कार्रवाई की गई।
मंगलवार को परिवादी से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 15 हजार रुपए लेते ही एसीबी टीम ने सहायक उपनिरीक्षक गोविन्द मीना को पकड़ लिया। आरोपी से पूछताछ और आगे की कार्रवाई जारी है। एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।