Jaipur: राजस्थान दिवस पर पर्यटन का विशेष उपहार

"पर्यटन स्थलों में फ्री एंट्री का लाभ"

Update: 2026-03-18 20:36 GMT

जयपुर; राजस्थान दिवस के अवसर पर भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए प्रदेशभर के पर्यटन स्थलों पर दो दिन के लिए नि:शुल्क प्रवेश की घोषणा की है। इस निर्णय के बाद राजधानी जयपुर सहित पूरे प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थल पर्यटकों से गुलजार हैं।

राजस्थान पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार 18 मार्च को केवल विद्यार्थियों को स्मारकों और संग्रहालयों में मुफ्त प्रवेश दिया गया, जबकि 19 मार्च को विद्यार्थियों के साथ-साथ देशी और विदेशी पर्यटकों को भी सभी पर्यटन स्थलों पर नि:शुल्क प्रवेश मिलेगा।

इस वर्ष राज्य सरकार ने 30 मार्च के बजाय 19 मार्च को राजस्थान दिवस मनाने का निर्णय किया है। इसी के तहत यह विशेष पहल की गई है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ आमजन को ऐतिहासिक धरोहरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

फ्री एंट्री के चलते बुधवार को जयपुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भारी भीड़ देखने को मिली। अल्बर्ट हॉल संग्रहालय, आमेर महल, सिटी पैलेस जयपुर, जंतर मंतर जयपुर और हवा महल जैसे स्थलों पर छात्र-छात्राओं की टोलियां नजर आईं और उन्होंने ऐतिहासिक धरोहरों का आनंद लिया।

हालांकि कुछ ग्रामीण क्षेत्रों से आए विद्यार्थियों ने नाहरगढ़ किला में नि:शुल्क प्रवेश नहीं मिलने पर नाराजगी भी जताई। उन्होंने बताया कि अन्य स्थानों पर तो प्रवेश फ्री रहा, लेकिन नाहरगढ़ में टिकट लिया गया। बाहर से आए पर्यटक भी इस पहल से उत्साहित नजर आए। वहीं आमेर महल के अधीक्षक राकेश छोलक ने बताया कि इन दो दिनों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि बढ़ती भीड़ को सुचारू रूप से संभाला जा सके।

प्रशासन के अनुसार 19 मार्च को विद्यार्थियों के साथ-साथ सभी देशी और विदेशी पर्यटकों को भी प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर नि:शुल्क प्रवेश दिया जाएगा, जिससे और अधिक संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। राजस्थान दिवस पर सरकार की इस पहल ने पर्यटन स्थलों में रौनक बढ़ा दी है और लोगों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर प्रदान किया है।

Tags:    

Similar News