Jaipur जयपुर: चाकसू के फागी रोड स्थित पीपली के गट्टे के पास सोमवार देर रात एक अर्टिगा कार में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही चाकसू पुलिस मौके पर पहुंची। नगर पालिका और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की दो दमकल गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के दौरान कार में चालक मौजूद था, जो गंभीर रूप से झुलस गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत चाकसू के उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जयपुर रैफर कर दिया गया।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कार में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। हालांकि पुलिस और प्रशासन मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं कि आग किसी अन्य कारण से तो नहीं लगी।
चाकसू थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और कार में आग लगने के सही कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम की सहायता ली जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कार में किसी तरह का ज्वलनशील पदार्थ तो नहीं था।