भाजपा सरकार में आई तो भर्ती प्रकरणों की सीबीआई से जांच करवाएंगे: शेखावत

Update: 2023-01-02 13:07 GMT

जोधपुर न्यूज़: केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के राज में नकल माफिया पनप गया है। हमारी सरकार आई तो पिछली भर्तियों की सीबीआई जांच करवाएंगे और जो पिछले दरवाजे से भर्ती हुए हैं। उन्हें जेल में डालेंगे। उन्होंने कहा कि इस सरकार में समाज के हर वर्ग के साथ धोखा और वादा.खिलाफी हुई है। फिर चाहे वह किसान हो, युवा हो या महिलाएं।

शेखावत रविवार को सिरोही के जावाल और जालोर जिले के सायला में जन आक्रोश सभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि निर्वाचित होने के बाद जनप्रतिनिधियों के साथ थोड़ी बहुत नाराजगी स्वभाविक है, लेकिन राजस्थान में कांग्रेस सरकार के प्रति जनता में अपार आक्रोश है। मन में क्रोध है। इस आक्रोश को संचित करके इस कुराज को उखाड़ फेंकने के लिए यह जन आक्रोश यात्राएं हो रही हैं। आक्रोश इसलिए है कि राजस्थान के हर वर्ग के साथ इस सरकार ने धोखा किया है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि इस सरकार ने सत्तर लाख युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेलने का काम किया है। पेपर लीक और नकल माफिया को संरक्षण दिया। आए दिन प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं। युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ किया। नकल माफिया को रोकने के लिए सीबीआई जांच की मांग की थी, लेकिन सरकार ने मांग नहीं मानी। उन्होंने कहा कि शिक्षक भर्ती में गिरफ्तार आरोपी रीट की परीक्षा में नकल कराते हुए भी पकड़ा था। वह तीन महीने बाद भारत जोड़ो यात्रा में फोटो खिंचवा रहा था। मुख्यमंत्री जी को मैं पूछना चाहता हूं कि इस नकल माफिया को संरक्षण कौन दे रहा है? नकल के चलते युवाओं में हताशा है। युवक आत्महत्या करने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि मैं यह जिम्मेदारी के साथ कहता हूं कि हमारी सरकार आई तो हम इन भर्तियों की जांच करवाएंगे और नकल के मामले की पूरी जांच सीबीआई से करवाएंगे। जो लोग पिछले दरवाजे से थानेदार और डिप्टी बने हैं, या आरएएस बने हैं, उन्हें बाहर निकालकर जेल में भेजेंगे। 

Tags:    

Similar News