Ajmer अजमेर: जीआरपी थाना प्रभारी फूलचंद बालोटिया ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अजमेर जीआरपी थाने में एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसे स्टेशन परिसर में गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए थे।
बालोटिया ने बताया कि जीआरपी टीम प्लेटफार्म नंबर एक पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक युवक पुलिस को देखकर घबरा गया, जिससे संदेह होने पर टीम ने उसे रोका और पूछताछ की। पूछताछ के दौरान युवक के जवाब संदेहास्पद लगे, जिस पर पुलिस ने उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के बैग से 658 ग्राम अफीम बरामद हुई।
इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान हरियाणा निवासी मोनू कुमार (29) पुत्र करनैल सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मप्र से अफीम खरीदकर लाया था और इसे बेचने की योजना बना रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी मादक पदार्थ किसे बेचने जा रहा था और इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है।
फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और उसके नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अफीम की आपूर्ति करने वाला व्यक्ति कौन है और उसकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।