क्रय विक्रय सहकारी समिति पर किसानों ने जड़ा ताला

Update: 2023-06-16 13:15 GMT

श्रीगंगानगर न्यूज़: सरसों के लिए बारदाना उपलब्ध करवाने की मांग पर गुरुवार को किसानों ने जिले के केसरीसिंहपुर की क्रय विक्रय सहकारी समिति के मेन गेट पर ताला लगा दिया। किसान नेता रणजीत सिंह राजू के नेतृत्व में किसान क्रय विक्रय सहकारी समिति के गेट पर एकत्र हो गए और धरना लगा दिया। उनकी मांग पर गौर नहीं किया गया तो किसानों ने समिति के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। किसान नेताओं का कहना था किसानों को पिछले नौ दिन से बारदाना उपलब्ध नहीं करवाया जा रहा है। इसके कारण किसान परेशान हो रहे हैं।

किसान नेता रणजीतसिंह राजू ने बताया कि नौ दिन से खरीद बंद होने के कारण किसान परेशान हो रहे थे। गुरुवार को बारदाना आया तो वह भी केवल पच्चीस बैग। यह बारदाना कुछ ही देर में खत्म हो गया। इससे किसानों में रोष हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जो थोड़ा बहुत बारदाना उपलब्ध है वह भी क्रय विक्रय सहकारी समिति संचालकों ने अपने चहेतों में बांट दिया। इसी के चलते किसानों ने क्रय विक्रय सहकारी समिति पर ताला लगा दिया। इससे करीब चार घंटे तक अधिकारी समिति कैंपस में बंद रहे।

Tags:    

Similar News