बीकानेर: बीकानेर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने लालगढ़–कोलायत रेलखंड पर चल रहे ट्रैक नवीनीकरण कार्य का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से परियोजना की प्रगति की जानकारी ली और निर्माण कार्य में निर्धारित तकनीकी एवं संरक्षा मानकों के पालन की स्थिति का जायजा लिया।

रेलवे के अनुसार, इस परियोजना पर लगभग 73 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत कुल 45 किलोमीटर रेलपथ का नवीनीकरण किया जाना है। निर्धारित कार्य में से 33 किलोमीटर ट्रैक को चार महीने की अवधि में नया किया जा चुका है, जबकि शेष हिस्से पर काम तेजी से जारी है।

गुणवत्ता और संरक्षा मानकों पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान डीआरएम गौरव गोविल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ट्रैक नवीनीकरण के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कार्यरत रेलकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ काम करने और निर्धारित संरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य के दौरान और काम पूरा होने के बाद रेलपथ पर किसी भी प्रकार के औजार, उपकरण या निर्माण सामग्री को नहीं छोड़ा जाना चाहिए। कार्यस्थल को पूरी तरह सुरक्षित स्थिति में रखना आवश्यक है, ताकि रेल संचालन के दौरान किसी प्रकार की बाधा या सुरक्षा संबंधी समस्या पैदा न हो।

ट्रैक मजबूत होने से रेल संचालन होगा सुरक्षित

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, लालगढ़–कोलायत रेलखंड पर ट्रैक नवीनीकरण पूरा होने के बाद रेलपथ की मजबूती और वहन क्षमता में वृद्धि होगी। इससे ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित, सुगम और विश्वसनीय बनाने में मदद मिलेगी।

रेलपथ की बेहतर स्थिति रेल संचालन की संरक्षा के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए बीकानेर मंडल द्वारा नवीनीकरण कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के साथ गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है।

डीआरएम गौरव गोविल ने कहा कि सुरक्षित रेल संचालन के लिए रेलपथ का नियमित रखरखाव और समय पर नवीनीकरण आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूरे किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर देव किशन कुम्हार (पश्चिम) सहित रेलवे के अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Tags: