संभागीय आयुक्त व पुलिस महानिरीक्षक ने श्रीकरणपुर दौरे पर BSF अधिकारियों और जवानों से मुलाकात की
Ganganagar गंगानगर। सीमावर्ती क्षेत्र में हाई अलर्ट के मद्देनजर बीकानेर संभागीय आयुक्त डॉ. रवि सूरपुर और पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) श्री ओम प्रकाश गुरूवार रात को जिले के श्रीकरणपुर क्षेत्र में पहुंचे। यहां देर रात बीएसएफ अधिकारियों और जवानों से मुलाकात करने के पश्चात शुक्रवार को संभागीय आयुक्त ने ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। पुलिस महानिरीक्षक ने भी पुलिस पब्लिक पंचायत को संबोधित किया।
संभागीय आयुक्त और पुलिस महानिरीक्षक देर रात सीमावर्ती गांव शेखसरपाल स्थित बीओपी पहुंचे। यहां उन्होंने बीएसएफ अधिकारियों और जवानों से मुलाकात करने के पश्चात वस्तुस्थिति की जानकारी ली। शुक्रवार को संभागीय आयुक्त ने नगरपालिका सभागार में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर समर्थन मूल्य पर कृषि जिन्सों की खरीद, हीट वेव के मद्देनजर स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, बिजली, सिंचाई पानी की उपलब्धता सहित अन्य आवश्यक मुद्दों पर चर्चा की। विभागीय अधिकारियों से योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी लेकर उन्हें निर्देशित किया कि राजस्व प्रकरणों का निस्तारण प्राथमिकता से करें। गांवों में राजस्व शिविर लगाये जायें।
बैठक में संभागीय आयुक्त ने कहा कि एसडीएम कोर्ट में लम्बित प्रकरणों का निस्तारण जल्द करें। सीमाज्ञान और म्यूटेशन प्रकरणों में भी आवश्यक कार्यवाही की जाये। समर्थन मूल्यों पर कृषि जिन्सों की खरीद, उठाव और भुगतान व्यवस्था की जानकारी लेकर उन्होंने कहा कि बुवाई से पूर्व कृषि विभाग आवश्यक तैयारियां पूर्ण करें। पंचायती राज, शिक्षा, महिला बाल विकास, डिस्कॉम, सिंचाई सहित विभागीय योजनाओं की समीक्षा कर उन्होंने कहा कि नहरबंदी के मद्देनजर पेयजल का उपयोग सिंचाई में नहीं होना चाहिए। नगरीय निकाय योजनाओं की समीक्षा करते हुए हरियालो राजस्थान के तहत अधिकाधिक पौधारोपण हेतु आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर एडीएम प्रशासन श्री सुभाष कुमार, करणपुर एसडीएम श्री श्योराम, ईओ श्री संदीप बिश्नोई, तहसीलदार और नायब तहसीलदार सहित अन्य मौजूद रहे।
इसके पश्चात संभागीय आयुक्त ने नगरपालिका, उपखण्ड कार्यालय, पुलिस थाने का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। पुलिस थाना निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक भी मौजूद रहे