दिन का तापमान 42 डिग्री पहुंचा, आज से आंधी-बारिश की संभावना

Update: 2023-05-23 15:28 GMT
जैसलमेर। जैसलमेर भीषण गर्मी के बाद एक बार फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम बदल रहा है। सोमवार को हल्के बादल छाए रहने के साथ तेज हवाएं चली। आगामी चार दिन आंधी-बारिश की संभावना है। इसके साथ ही तापमान में गिरावट से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। सोमवार को दिन के तापमान में दो डिग्री गिरावट दर्ज की गई। नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। जिसका असर 23 मई से 26 मई तक रहेगा। चार दिन तक तेज आंधी चलने के साथ साथ हल्की बारिश की संभावना है।
पिछले दो दिन हीट वेव ने लोगों को बेहाल कर रखा था। लेकिन सोमवार को दिनभर हवाएं चलती रही। इस वजह से तेज गर्मी का असर कम हो गया। वहीं दिन व रात के पारे में गिरावट दर्ज हुई। सोमवार को अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने 23 से 26 मई तक धूलभरी आंधी चलने व हल्की बारिश की संभावना जताई है। इससे एक बार फिर गर्मी से राहत मिलने की आस जगी है। कृषि मौसम वैज्ञानिक अतुल गालव ने बताया कि 22 मई को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। मध्य पाकिस्तान व पंजाब पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है, इसके साथ ही दक्षिण पाकिस्तान व इससे सटे दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इस वजह से 23 से 26 मई तक धूल भरी आंधियां, मेघगर्जना के साथ बारिश की संभावना है। इस वजह से तापमान में भी गिरावट होगी।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से आंधी व बारिश से राहत मिलती आई है। पिछली बार 13 मई को पारा 46 डिग्री पहुंच गया था। जिसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही तापमान में 7 डिग्री गिरावट हुई थी। जिसके बाद पारा बढ़कर 44 डिग्री पहुंच गया था। एक बार फिर तापमान में गिरावट होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ से 3 से 4 डिग्री तापमान में गिरावट हाे सकती है। जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
Tags:    

Similar News