डेयरी में जिंदा जलकर कर्मचारी की मौत, 30 लाख मुआवजे के लिए मोर्चरी के बाहर धरने पर परिजन
कोटा में डेयरी अग्निकांड के बाद हंगामा, मुआवजे को लेकर अस्पताल में प्रदर्शन
कोटा: राजस्थान के कोटा में मधुर दूध डेयरी में आग लगने से कर्मचारी लेखराज की दर्दनाक मौत के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक के परिजन 30 लाख रुपये मुआवजे की मांग को लेकर एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। घटना के करीब 18 घंटे बीत जाने के बावजूद प्रशासन और परिजनों के बीच सहमति नहीं बन पाई है। इसके चलते मृतक के शव का पोस्टमार्टम भी नहीं हो सका है।
मामला भीमगंज मंडी थाना क्षेत्र की राम मंदिर गली का है। यहां शनिवार रात मधुर दूध डेयरी में अचानक आग लग गई थी। आग ने देखते ही देखते डेयरी को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान वहां काम कर रहे कर्मचारी लेखराज की आग में जिंदा जलने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी की मौत से परिवार में मातम छा गया।
30 लाख रुपये मुआवजे की मांग पर अड़े परिजन
घटना के बाद रविवार को मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में लाया गया। हालांकि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही परिजनों ने आर्थिक सहायता की मांग को लेकर विरोध शुरू कर दिया।
परिजनों का कहना है कि जब तक उन्हें 30 लाख रुपये का मुआवजा नहीं दिया जाता, तब तक वे पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे। इसी मांग को लेकर परिवार के सदस्य मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी कर अपना विरोध जताया।
परिजनों के प्रदर्शन के कारण अस्पताल परिसर में भी काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। परिवार अपनी मांग पर अड़ा हुआ है और प्रशासन से आर्थिक सहायता को लेकर स्पष्ट निर्णय चाहता है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने की समझाइश की कोशिश
मामले की जानकारी मिलने पर कोटा सिटी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र मिश्रा और एसडीएम कपिल शर्मा सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया।
प्रशासन की ओर से परिजनों को आश्वासन दिया गया कि नियमानुसार मिलने वाली सरकारी सहायता राशि दिलवाई जाएगी। इसके अलावा डेयरी मालिक की ओर से भी आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास करने की बात कही गई।
हालांकि प्रशासन के आश्वासन के बावजूद परिजन अपनी 30 लाख रुपये की मांग से पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्षों के बीच कोई सहमति नहीं बन सकी थी।
अस्पताल परिसर में पुलिस और आरएसी तैनात
मृतक के परिजनों में बढ़ते आक्रोश और धरने को देखते हुए अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और आरएसी का अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया है।
वहीं भीमगंज मंडी थाना पुलिस डेयरी में आग लगने और कर्मचारी की मौत के पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल परिजन मुआवजे की मांग पर कायम हैं और पोस्टमार्टम की कार्रवाई सहमति बनने तक अटकी हुई है।