कोटा। कोटा रावतभाटा क्षेत्र में चंबल की सहायक नदी गुंजाली में देर शाम एक युवक को मगरमच्छ ने अपना शिकार बना लिया। नदी के दूसरी ओर खेत पर जाने के लिए युवक तैरकर नदी पार कर रहा था। बीच नदी में मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया। जानकारी के मुताबिक, जावदा बालागंज निवासी प्रेमराज भील का बेटा प्रकाश भील (20) एक साथी के साथ बुधवार शाम को गुंजाली नदी पारकर खेत जा रहा था। बीच नदी में मगरमच्छ ने प्रकाश पर हमला कर दिया।
साथी ने शोर मचाया तो नदी पार खेत पर कार्य कर रहे लोग दौड़े आए। नदी में पत्थर फेंके, लेकिन मगरमच्छ का पता नहीं चला। लोगों ने सरपंच और पुलिस को सूचना देकर तलाश की, लेकिन देर रात तक प्रकाश का पता नहीं चला। गुरुवार को रेस्क्यू के लिए कोटा नगर निगम की टीम बुलाई गई। बाद में उसका क्षत-विक्षत शव मिला। मगरमच्छ युवक के शरीर का निचला हिस्सा चबा गया। अविवाहित प्रकाश माता-पिता और दो बड़े भाइयों के साथ रहता था। जावदा क्षेत्र में आधा दर्जन गांव नदी किनारे बसे हैं। पुल नहीं होने से लोगों को खेतों पर जाने के लिए मगरमच्छों से भरी नदी पार करनी पड़ती है। पिछले साल भी जावदा क्षेत्र के देवपुरा में एक युवक को मगरमच्छ निगल गया था। 13 साल पहले जम्बूद्वीप का खेड़ा के 10 लोग नाव में सवार होकर जा रहे थे। नाव पलटने से सभी की डूबने से मौत हो गई थी।